top of page

बिजनौर में हनी ट्रैप; पुलिसकर्मियों की मदद से हो रही थी ब्लैकमेलिंग

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 6 दिन पहले
  • 2 मिनट पठन

महिला, दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज




बिजनौर : थाना किरतपुर पुलिस ने हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला उजागर किया है. इस मामले में दो पुलिसकर्मियों और दो राजनीतिक व्यक्तियों की संलिप्तता होने से पुलिस महकमे और राजनीतिक गलियारों में खलबली मची हुई है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जबकि महिला समेत अन्य सभी चार आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.

नजीबाबाद सीओ नीतीश प्रताप ने बताया कि क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप मालिक ने हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग की शिकायत की थी. पेट्रोल पंप मालिक के अनुसार फौजिया नाम की महिला ने जनवरी की शुरुआत में फोन कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क किया था. इसके बाद प्रेम का झांसा देकर बिजनौर बुलाया. जहां होटल में दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए. इसी दौरान महिला ने चुपके से आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया.

पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत के अनुसार कुछ दिन बाद महिला ने गंभीर मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. इस साजिश में किसान यूनियन का सदस्य आदिल जैदी, सभासद शाहवेज के अलावा थाना कीरतपुर के दो पुलिसकर्मी सिपाही लालू और पुनीत त्यागी शामिल रहे. आरोपी समझौते के लिए 10 लाख रुपये की मांग करने लगे.

नजीबाबाद सीओ के मुताबिक एसपी के निर्देश पर कराई गई प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए हैं. इसके बाद कीरतपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. इस मामले में आरोपी सभासद शाहवेज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. महिला फौजिया, किसान यूनियन का सदस्य आदिल जैदी और दोनों पुलिसकर्मी लालू व पुनीत त्यागी फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है, किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page