बाराबंकी में टोल प्लाजा पर वकील की पिटाई, भड़के साथियों ने बैरियर तोड़े
- Jantantra Live

- 15 जन॰
- 2 मिनट पठन

बाराबंकी : लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर स्थित बारा टोल प्लाजा पर हैदरगढ़ पर वकील की पिटाई के मामले ने गुरुवार को तूल पकड़ लिया. पीड़ित वकील सहित सैकड़ों अधिवक्ता टोल पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया. आक्रोशित वकीलों ने टोल के बूम बैरियर तोड़ दिए जिससे टोल फ्री हो गया और वाहन बिना टोल दिए गुजरने लगे. करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा. मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित वकीलों को शांत कराया. मामले में टोल मैनेजर समेत पांच कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है.

इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकील प्रतापगढ़ निवासी रत्नेश शुक्ला बुधवार दोपहर करीब एक बजे हाईकोर्ट लखनऊ खंडपीठ में मुकदमे के सिलसिले में अपने सहयोगियों के साथ जा रहे थे. अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला बारा टोल प्लाजा पर पहुंचे. उनकी गाड़ी में फास्ट टैग नहीं लगा था. अधिवक्ता ने कहा कि गाड़ी नम्बर से टोल का पैसा काट लो. आरोप है कि इतना कहने पर वहां मौजूद टोल कर्मी लवलेश, रवि तोमर, विश्वजीत, गोलू और तमाम अन्य टोलकर्मियों ने अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला को गालियां देते हुए उन पर हमला बोल दिया और उनकी जमकर पिटाई की. अधिवक्ता की पिटाई का वीडियो वायरल होने पर साथी अधिवक्ता आक्रोशित हो गए. गुरुवार को हैदरगढ़ तहसील के तमाम अधिवक्ता लामबंद हो गए. सैकड़ों अधिवक्ता बारा टोल प्लाजा पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. मामले की जानकारी होते ही पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने अधिवक्ताओं को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन अधिवक्ता आरोपी टोलकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.
पीड़ित अधिवक्ता रत्नेश शुक्ला की तहरीर पर चार नामजद और 10 अज्ञात टोलकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अभिमन्यू मल्ल ने बताया, आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामला शांत हो गया है. पुलिस ने टोल मैनेजर जगभान, लवलेश, रवि, विश्वजीत और गोलू को गिरफ्तार किया है.



टिप्पणियां