top of page

बांदा: थाने में पुलिस के सामने ताबड़तोड़ चाकू मारकर की बेटी की निर्मम हत्या

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 12 जून
  • 2 मिनट पठन

बांदा: बांदा जिले से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां थाना परिसर के भीतर ही एक पिता ने अपनी सगी बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. थाने के सुरक्षित घेरे के अंदर हुई इस वारदात से परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है.

दरअसल, 18 मई को बदौसा थाने में बरछा गांव के रहने वाले सत्य कुमार चौहान ने सूचना दी कि उनकी 19 वर्षीय बेटी को पड़ोस में रहने वाला एक लड़का अपने साथ भगा ले गया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और युवती की तलाश करने लगी. पुलिस ने शुक्रवार को युवती को सकुशल बरामद कर थाने ले आई. अब उसे परिजनों को सौंपना था, इसलिए युवती के माता-पिता को भी थाने बुलाया था.

थाने में आए माता-पिता युवती से बात कर रहे थे और घर चलने की बात कह रहे थे, लेकिन युवती अपने माता-पिता के साथ न जाकर अपने प्रेमी के साथ रहने की बात कह रही थी. तभी काउंसलिंग के दौरान युवती के पिता ने एक चाकू से उसके पेट में अचानक हमला कर दिया गया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पूरे मामले में मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, उसके पास से चाकू भी बरामद कर लिया है.

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि एक युवती जो अपने पड़ोसी व परिचित व्यक्ति के साथ चली गई थी. उसे पुलिस द्वारा सकुशल बरामद कर लिया गया था और थाने लाया गया था. उसके माता-पिता को उसकी सुपुर्दगी के लिए बुलाया गया था, जहां बातचीत के दौरान अचानक उसके पिता ने चाकू से उस पर हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई. इस पूरे मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.



 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page