top of page

बहादुरी के लिए हापुड़ कोतवाली की पुलिस टीम सम्मानित

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 25 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

25 किलोमीटर तक चोरों का पीछा कर माल की बरामदगी की थी



हापुड़। जनपद में पुलिस की तत्परता और साहस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून के सामने टिक नहीं सकता। चोरों द्वारा कार समेत माल ले जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए पीछा किया और सूझबूझ के साथ पूरी वारदात पर काबू पा लिया।

इस साहसिक कार्रवाई के बाद हापुड़ सिटी कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने पूरी टीम को सम्मानित किया। सम्मान समारोह में पुलिसकर्मियों के उत्साह और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, कर्तव्यनिष्ठा और जनता की सुरक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है। चोरों का पीछा करने से लेकर माल सुरक्षित छुड़वाने तक पुलिस ने जिस हिम्मत और तेजी का परिचय दिया, वह न केवल विभाग के लिए गर्व की बात है बल्कि आम नागरिकों में भरोसा भी बढ़ाता है। कर्तव्यनिष्ठा और साहस की यह मिसाल बताती है कि जब पुलिस और जनता एकजुट होकर अपराध के खिलाफ खड़ी होती है, तो न्याय जरूर जीतता है और बहादुरी का सम्मान भी होता है।बता दें कि बीते सप्ताह मंगलवार देर रात नगर पालिका के बाहर स्थित एक दुकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने आए कार सवार चोरों को कोतवाली नगर पुलिस की सतर्कता के चलते अपना माल छोड़कर फरार होना पड़ा। पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर तक चोरों की कार का पीछा किया, जिसके बाद बदमाश कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मौके से चोरी किए गए तारों के बंडल बरामद कर लिए और क्रेन की मदद से कार को जब्त कर कोतवाली ले आई थी। घटना की जानकारी मिलने पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजय डाबर, दुकान मालिक दीपक कालड़ा, तरुण कालड़ा समेत कई व्यापारी मौके पर पहुंचे। व्यापारी नेताओं ने पुलिस की तत्परता और सजगता की सराहना की थी। इसी मामले में अब कोतवाली प्रभारी ने पूरी टीम को सम्मानित किया है।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page