बदायूं में साधु के भेष में ठग बोले-गहने दो कष्ट मिटेंगे, हो गई धुनाई
- Jantantra Live

- 6 दिन पहले
- 2 मिनट पठन

बदायूं। बदायूं में साधु के भेष में ठगी करने वाले तीन आरोपियों को लोगों ने गुरुवार को पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की। आरोप है कि तीनों भिक्षा लेने के बहाने एक महिला के घर पहुंचे थे। उसे भूत-प्रेत का डर दिखाया। उन्होंने महिला से कहा- सोने के गहने हमें दे दो, तुम्हारे सभी कष्ट दूर हो जाएंगे। महिला उनकी बातों में आ गई और गहने दे दिए। कुछ देर बाद शक होने पर महिला ने शोर मचाया जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तीनों को पकड़ लिया। गुस्साए गांव वालों ने ठगों को नंगे पैर सड़क पर दौड़ाया और जमकर लात-घूंसे बरसाए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को पकड़ लिया।
मामला उसहैत थाना क्षेत्र के मूजखेड़ा गांव का है। यहां तीन लोग साधु के भेष में मोटरसाइकिल से गांव पहुंचे और भिक्षा मांगने लगे। भिक्षा मांगते हुए वे गांव की महिला पिंकी के घर पहुंचे और उससे बोले- तुम्हारे घर पर ऊपरी चक्कर यानी भूत-प्रेत का साया है। पहले भी किसी की मौत हो चुकी है। महिला उनकी बातों में आ गई। जब महिला ने उपाय पूछा तो साधुओं ने उसे सोने का गहने आटे पर रखकर लाने को कहा। महिला ने पहले अपनी नाक की लौंग आटे के साथ रख दी। ठगों ने और गहने लाने को कहा। महिला ने अपना मंगलसूत्र भी उतारकर आटे के साथ उन्हें दे दिया। इसके बाद ठगों ने महिला से भगवान को याद करते हुए पूर्व दिशा की ओर मुंह कर खड़े होकर स्तुति करने को कहा। जैसे ही महिला मुड़ी, ठगों ने गहने अपनी पोटली में छिपा लिए। फिर महिला को आटा देकर कहा कि इसे तीन दिन बाद खोलना, इससे तुम्हारे दुख दूर हो जाएंगे। महिला ने कमरे में जाकर तुरंत गहने देखे, लेकिन वे नहीं मिले। इससे वह घबरा गई और बाहर आकर शोर मचाने लगी। जानकारी मिलते ही गांव वाले ठगों के पीछे दौड़ पड़े। उसावां के पास पहुंचकर लोगों ने तीनों को पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के साथ जमकर मारपीट की। बाद में उन्हें उसावां थाना पुलिस के हवाले कर दिया।



टिप्पणियां