बदायूं के उझानी में लड़की ने किया सुसाइड, दरोगा की हार्ट अटैक से मौत, मचा कोहराम
- Jantantra Live

- 5 जन॰
- 2 मिनट पठन
में छेड़छाड़ से परेशान किशोरी ने की आत्महत्या, पोस्टमॉर्टम कराने गए दरोगा कुंवरपाल की भी हार्ट अटैक से मौत, पुलिस महकमे में शोक

बदायूं। जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। यहां उझानी थाना क्षेत्र के गांव छतुइया में 15 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी ने छेड़छाड़ से तंग आकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। किशोरी के परिजनों ने गांव के दो युवकों अनमोल और कन्हैया पर छेड़छाड़ और बुरी नीयत का आरोप लगाया है। घटना रविवार की शाम की है, जब लड़की खेत से भूसा लेने गई थी। तभी आरोपियों ने उसे दबोच लिया और छेड़खानी की। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुके थे।
परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक आए दिन किशोरी के साथ छेड़छाड़ करते थे। घटना की शिकायत करने पर आरोपियों के परिवार वालों ने उल्टा लड़की और उसके घरवालों पर ही आरोप लगाकर उन्हें बुरा-भला कहा और भगा दिया। शर्म और बदनामी के डर से किशोरी अवसाद में चली गई और देर रात फांसी के फंदे पर लटककर सुसाइड कर लिया। परिजनों ने तुरंत यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर उझानी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इसी मामले में एक और चौंकाने वाली घटना घटी। किशोरी का शव पोस्टमॉर्टम के लिए ले जा रहे दरोगा कुंवरपाल (55 वर्ष) की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पोस्टमॉर्टम हाउस पर उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वे जमीन पर गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मी उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। दरोगा मूल रूप से बुलंदशहर जिले के नरौरा के निवासी थे। इस घटना से पुलिस महकमे और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।



टिप्पणियां