फिरोजाबाद में आगरा के ट्रांसपोर्टर की पीट-पीटकर हत्या, एक आरोपी हिरासत में
- Jantantra Live

- 4 जन॰
- 1 मिनट पठन

फिरोजाबाद : उत्तर थाना क्षेत्र में आगरा के ट्रांसपोर्टर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पैसों के लेनदेन के विवाद में पार्टनर ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया. मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है. एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अन्य की तलाश में पुलिस जुटी हुई है.फिरोजाबाद के अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद ने बताया, आगरा के महावीर नगर के रहने वाले बालमुकुंद दुबे (50) पेशे से ट्रांसपोर्टर थे. वह शनिवार को ट्रक पर माल लोड कराकर रविवार को फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ कोठी स्थित ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट आए थे. उनके साथ ट्रक ड्राइवर सुभाष भी मौजूद था. अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया, जांच में पता चला है कि बालमुकुंद दुबे ट्रक से सामान उतरवा रहे थे, तभी उनका पार्टनर गजेंद्र सिंह अपने कुछ लोगों के साथ पहुंचा. बालमुकुंद और गजेंद्र में पहले कहासुनी हुई फिर विवाद बढ़ गया. गजेंद्र और उसके साथियों ने बालमुकुंद पर हमला कर दिया. पिटाई से बेसुध बालमुकुंद को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया है. बालमुकुंद के परिजनों की तहरीर पर गजेंद्र सिंह और उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.



टिप्पणियां