पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मीनगर में ट्रिपल मर्डर से मची सनसनी
- Jantantra Live

- 5 जन॰
- 2 मिनट पठन
मां-भाई और बहन का कत्ल कर थाने पहुंचा बेटा

पूर्वी दिल्ली। लक्ष्मी नगर इलाके से सोमवार को दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई जहां एक युवक ने अपने ही हंसते-खेलते परिवार को खत्म कर दिया। लक्ष्मी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक मकान में युवक ने अपनी सगे मां, भाई और बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने के बजाय सीधे थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। लोगों में दहशत का माहौल है। आरोपी के सरेंडर करते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां कमरे के भीतर का मंजर देख अधिकारियों के भी होश उड़ गए। वहीं, पड़ोसियों के लिए यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा है कि युवक ऐसा खौफनाक कदम कैसे उठा सकता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। हालांकि हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी के मानसिक हालात पारिवारिक विवाद और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद स्थिति पूरी तरह साफ होगी। आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है पड़ोसी और स्थानीय लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं किसी को यकीन नहीं हो रहा कि एक बेटा इस हद तक जा सकता है।



टिप्पणियां