top of page

पत्नी का कातिल 25 साल बाद गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 7 जन॰
  • 2 मिनट पठन

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने पंजाब के लुधियाना से दबोचा



नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने 25 साल पुराने पत्नी की हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए उम्रकैद की सजा काट रहा पैरोल जंपर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने वर्ष 1992 में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी और बाद में पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया था। क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम ने लंबी मेहनत और तकनीकी निगरानी के बाद आरोपी को पंजाब के लुधियाना से दबोचा।

क्राइम ब्रांच के क्राइम संजीव कुमार यादव के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगिंदर उर्फ जोगिंदर सिंह, उम्र 58 वर्ष, निवासी मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ 15 मार्च 1992 को थाना विनय नगर, वर्तमान में सरोजिनी नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया था कि आरोपी ने गांव पिलंगी में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण मैनुअल स्ट्रैंगुलेशन पाया गया। मामले में जांच पूरी होने के बाद वर्ष 1997 में पटियाला हाउस कोर्ट ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और जुर्मानेकी सजा सुनाई थी। वर्ष 2000 में दिल्ली हाईकोर्ट से चार सप्ताह की पैरोल मिलने के बाद आरोपी वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया। वर्ष 2010 में हाईकोर्ट ने उसकी अपील खारिज करते हुए सजा को बरकरार रखा, जिसके बाद उसे भगोड़ा घोषित किया था।

हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी फर्जी पहचान के साथ लुधियाना में रह रहा है। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना नाम, पिता का नाम और पता बदल लिया था तथा फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी भी बनवा ली थी। वह बीते 25 वर्षों में हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और कर्नाटक में भटकता रहा और अंत में लुधियाना में बढ़ई के रूप में काम करने लगा।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page