नोएडा में 10 लाख के 34 मोबाइल के साथ तीन गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 29 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

नोएडा। थाना फेज-1 पुलिस ने तीन मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 10 लाख कीमत के 34 मोबाइल बरामद किए गए हैं। ये लोग सुनसान इलाकों से पहले बाइक चोरी करते हैं। उसके बाद उसी बाइक से रेकी कर मोबाइल स्नेचिंग की घटना करते हैं।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि रविवार को टीम झुंडपुरा बॉर्डर के पास चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि दिल्ली की ओर से बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आने वाले हैं। टीम ने सूचना को पुख्ता कर घेराबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद ही एक बाइक पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। उन्हें रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगे। टीम ने घेरकर तीनों को दबोच लिया। तलाशी ली तो तीनों के पास से 34 मोबाइल फोन बरामद हुए। बदमाशों की पहचान जिला अलीगढ़ के काजाबाद गांव निवासी ध्रुव, नगला दारापुर गांव निवासी रवि और सागर के रूप में हुई है। तीनों आरोपी वर्तमान में बिसरख थाना क्षेत्र के गांव तिगरी में किराए पर रहते हैं। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि यह मोबाइल उन्होंने दिल्ली-एनसीआर में राहगीरों से छीने हैं। वह इन मोबाइल फोन को राह चलते लोगों को सस्ते दामों पर बेच देते हैं। बाइक के संबंध में जांच की तो पता चला कि यह बाइक उन्होंने गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक से चोरी की थी। आरोपियों द्वारा यह भी बताया गया कि वह बाइक बदलते रहते हैं। जिससे कि पकड़े न जा सकें। साथ ही लोगों को डराने के लिए अपने पास चाकू भी रखते हैं। ताकि जरूरत पड़े तो लोगों को चाकू दिखाकर मोबाइल फोन छीन सकें। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों से बरामद मोबाइल फोन की बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये है। आरोपी ध्रुव के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं। जबकि रवि और सागर के खिलाफ तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस बरामद मोबाइल फोन के असली मालिकों का पता लगा रही है।



टिप्पणियां