top of page

नोएडा प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर गौरव बंसल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 9 जन॰
  • 2 मिनट पठन

खतौली विधायक मदन भैया ने सीएम योगी से की जांच की मांग



नोएडा। नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण में वरिष्ठ प्रबंधक पद पर तैनात अधिकारी गौरव बंसल पर भ्रष्टाचार, अवैध उगाही और गंभीर प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। इस संबंध में खतौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक मदन भैया ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। विधायक मदन भैया द्वारा भेजे गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि गौतम बुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र के निवासी गोरव बंसल ने अपने कार्यकाल के दौरान पद का दुरुपयोग करते हुए किसानों, आम नागरिकों और प्राधिकरण से जुड़े कामों में अवैध हस्तक्षेप किया। पत्र में यह भी उल्लेख है कि शिकायतकर्ता और स्थानीय लोग डर के कारण खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं।

पत्र के अनुसार, आरोपित अधिकारी पर स्थानीय कॉलोनाइजरों और भूमाफिया किस्म के लोगों से सांठगांठ कर अवैध कॉलोनियों को बसाने में मदद करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए अवैध कमाई करने तथा प्राधिकरण को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप हैं। यह भी कहा गया है कि नोएडा के सेक्टर-145 स्थित डंपिंग ग्राउंड में रात के समय कचरे की अवैध बिक्री कर हर महीने लाखों रुपये की अवैध आय की जा रही है। पत्र में यह दावा भी किया गया है कि वर्ष 2022 में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तैनाती के दौरान भी गौरव बंसल पर भूखंड आवंटन में अनियमितताओं के आरोप लगे थे, जिनके चलते उन्हें निलंबित किया जा चुका है। इसके बावजूद, वर्तमान में भी उन पर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस विभागीय कार्रवाई नहीं हुई है।

विधायक मदन भैया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र और निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए, जांच अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी का तबादला किसी अन्य प्राधिकरण में किया जाए ताकि जांच प्रभावित न हो सके, और उनकी कथित नामी-बेनामी संपत्तियों की भी गहन जांच हो। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल है। हालांकि, इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण या आरोपित अधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page