दिल्ली से चोरी लग्जरी कारों की खरीद फरोख्त का खुलासा, दो गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 24 जन॰
- 3 मिनट पठन

दिल्ली पुलिस की एएटीएस टीम ने 11 लग्जरी गाड़ियां बरामद की
नई दिल्ली। साउथ ईस्ट दिल्ली के एएटीएस की टीम ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की 11 लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल सुभाष जायसवाल और काशिफ के रूप में हुई है। दोनों ही भारत के अलग-अलग राज्यों के रहने वाला है। देश भर के विभिन्न स्थानों से 11 चोरी की लग्जरी गाड़ियां बरामद की गई है। आरोपी चेसिस नंबर में हेरफेर करने, क्षतिग्रस्त वाहनों के चेसिस नंबर का दुरुपयोग करने और जाली बिक्री पत्रों और फर्जी बैंक एनओसी के आधार पर फर्जी पंजीकरण प्राप्त करने में शामिल थे।
साउथ ईस्ट डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक बीती 27/28 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात को जामिया नगर थाना क्षेत्र से मारुति एस-प्रेसो कार चोरी हो गई थी। इस मामले की जांच एएटीएस/दक्षिण पूर्व जिला को सौंपी गई। एक जनवरी को एसआई जितेंद्र और हेड चीफ शेर सिंह को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश, मुंबई, पुणे और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में सक्रिय चोरी के वाहनों के एक रिसीवर को कई चोरी की लग्जरी गाड़ियां मिली हैं और वर्तमान मामले में शामिल चोरी की एस-प्रेसो भी उसी के पास है। तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना की मदद से उपरोक्त सूचना को और पुष्ट किया गया। इसके बाद एक टीम 3 जनवरी, 2026 को मुंबई पहुंची और धारावी क्षेत्र में छापेमारी कर मोहम्मद अमान (उम्र 25 वर्ष) को गिरफ्तार किया, जो पुरानी कारों की खरीद-बिक्री का धंधा चला रहा था। इससे एक क्रेटा कार जब्त की गई, जिसकी बाद में दिल्ली से चोरी होने की पुष्टि हुई। जांच में पता चला है कि आरोपी कुणाल अपने साथियों के साथ अंतर्राज्यीय संगठित वाहन चोरी और धोखाधड़ी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। आरोपी चोरी की गई और ऋण बकाया वाहनों, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हासिल करने, चेसिस नंबर में हेरफेर करने, पूरी तरह क्षतिग्रस्त वाहनों के चेसिस नंबर का दुरुपयोग करने और जाली बिक्री पत्रों और फर्जी बैंक नओसी के आधार पर फर्जी पंजीकरण प्राप्त करने में शामिल है। इन अवैध रूप से पंजीकृत वाहनों को बाद में भोले-भाले खरीदारों को बेच दिया जाता था। आरोपी कुणाल ने खुलासा किया कि उसने फर्जी पंजीकरण वाले कई चोरी के वाहन पुणे निवासी दर्शन, मुंबई निवासी अमान (जिन्होंने आगे उन्हें कोल्हापुर निवासी नीम को बेच दिया) और महाराष्ट्र के जालना निवासी शेख काशिफ को बेचे थे। उसने यह भी खुलासा किया कि उपरोक्त वाहन बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी काशिफ और हसन (जो अब उत्तर प्रदेश की जेल में है) द्वारा चुराए गए थे।
आरोपियों की सूचना पर कई चोरी के वाहन बरामद किए गए। इनमें तीन टोयोटा फॉर्च्यूनर एसयूवी, पुणे (महाराष्ट्र) में ग्राहकों को बेची गई दो क्रेटा कारें, कोल्हापुर (महाराष्ट्र) में ग्राहक को बेची गई एक ब्रीज़ा कार, जालना (महाराष्ट्र) में ग्राहक को बेची गई एक ब्रीज़ा कार और दिल्ली के जामिया नगर इलाके में खड़ी एक चोरी की मारुति एस प्रेसो कार शामिल हैं। सत्यापन से पता चला कि चेसिस नंबरों के साथ छेड़छाड़ की गई थी और वाहनों को चोरी होने की बात छिपाने के लिए जाली और मनगढ़ंत दस्तावेजों के आधार पर पंजीकृत किया गया था। इसके अलावा, 20.01.2026 को एक अन्य आरोपी (मुख्य चोर) काशिफ, निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया गया। उसकी सूचना पर एक चोरी का वाहन मारुति वैगन आर बरामद किया गया. अब तक, धोखाधड़ी से पंजीकृत कुल 11 उच्च श्रेणी के चोरी के वाहन बरामद किए जा चुके हैं।



टिप्पणियां