दिल्ली: सौरभ भारद्वाज समेत तीन आप नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज
- Jantantra Live

- 25 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

सांता क्लॉज का इस्तेमाल कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक संजीव झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. आरोप है कि आप नेताओं ने दिल्ली प्रदूषण पर व्यंग्य करते हुए सांता क्लॉज को बेहोश दिखाकर ईसाई समुदाय के पवित्र प्रतीक की मॉकरी की. वीडियो में सांता क्लॉज को मास्क पहने प्रदर्शन करते दिखाया गया, जिसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया गया. शिकायत के मुताबिक, 17 और 18 दिसंबर 2025 को इन नेताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो कनॉट प्लेस में किए गए एक राजनीतिक स्किट से जुड़ा है. वीडियो में सांता क्लॉज जो ईसाई समुदाय के लिए एक पवित्र और सम्मानित धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीक हैं, को मजाकिया और अपमानजनक तरीके से दिखाया गया है. वीडियो में सांता क्लॉज को सड़क पर बेहोश होकर गिरते हुए दिखाया गया और उन्हें राजनीतिक संदेश देने के लिए एक प्रॉप (साधन) की तरह इस्तेमाल किया गया. वीडियो में नकली सीपीआर करते हुए सांता क्लॉज का मजाक उड़ाया गया, जिससे सेंट निकोलस और क्रिसमस पर्व की पवित्रता को ठेस पहुंची. शिकायत में कहा गया है कि यह सब जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से किया गया, ताकि ईसाई समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया जा सके. धार्मिक प्रतीक का इस तरह राजनीतिक इस्तेमाल करना ईसाई धर्म का अपमान माना गया है. दिल्ली पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक रूप से किसी धार्मिक प्रतीक का मजाक उड़ाना बीएनएस की धारा 302 का उल्लंघन है. दिल्ली पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है. उधर, दिल्ली आप चीफ सौरभ भारद्वाज ने एफआईआर दर्ज होने के बाद कहा, "सांता क्लॉज की स्किट पर एफआईआर हो गई है. सोशल मीडिया और आप लोगों की ताक़त से आज भाजपा बहुत परेशान हैं. ये सोशल मीडिया की ताक़त है कि भाजपा सरकार को प्रदूषण पर जवाब देना पड़ रहा है, एक्यूआई पर चर्चा हो रही है."



टिप्पणियां