दिल्ली: शाहदरा के मानसरोवर पार्क में डबल मर्डर का खुलासा
- Jantantra Live

- 7 जन॰
- 2 मिनट पठन
बुजुर्ग दंपती की लूट के इरादे से की गई थी हत्या, केयरटेकर ही निकला कातिल

पूर्वी दिल्ली। शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में बुजुर्ग दंपती की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने वाला दंपती का पूर्व केयरटेकर ही निकला। दिल्ली पुलिस ने राजस्थान के सीकर जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया है।
ज्वाइंट सीपी मधुर वर्मा ने बताया कि 3 और 4 जनवरी की दरम्यानी रात करीब साढ़े बारह बजे एमएस पार्क थाने को सूचना मिली थी कि राम नगर एक्सटेंशन स्थित फ्लैट में एक बुजुर्ग दंपती अचेत हालत में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को 71 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक वीरेंद्र कुमार बंसल और उनकी 65 वर्षीय पत्नी मृत अवस्था में मिले। दोनों के शरीर पर चोटों के निशान थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ज्वाइंट सीपी के अनुसार, शुरूआती जांच में मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर लग रहा था। आरोपी ने दस्ताने पहने थे, पूरे शरीर को ढका हुआ था और सीसीटीवी से बचने के लिए जानबूझकर ऐसे रास्तों का इस्तेमाल किया, जहां कैमरे नहीं थे। पुलिस ने आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, 50 से अधिक मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया और 300 से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान सामने आया कि दंपती की बीमारी के दौरान दो केयरटेकर रखे गए थे। एक से पूछताछ के बाद कोई सुराग नहीं मिला, लेकिन दूसरा केयरटेकर अशोक कुमार सेन अचानक गायब मिला। उसकी पत्नी ने बताया कि वह खाटू श्याम गया है और मोबाइल साथ नहीं ले गया। शक गहराने पर पुलिस ने उसकी तस्वीर सीसीटीवी फुटेज से मिलाई, जो कद-काठी से मेल खा गई। ज्वाइंट सीपी मधुर वर्मा ने बताया कि तकनीकी जांच में उसकी लोकेशन राजस्थान के सीकर जिले में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लिए लूट की नीयत से वारदात को अंजाम देने आया था। उसे पता था कि बुजुर्ग महिला सोने के गहने पहनती हैं और बेटा अक्सर घर पर मौजूद नहीं रहता। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने घर में घुसकर पहले लूट की और फिर दोनों की हत्या कर फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, मंगलसूत्र, कंगन, अंगूठी और लॉकेट बरामद कर लिए गए हैं।



टिप्पणियां