top of page

दिल्ली: शादी का झांसा देकर महिलाओं से करता था ठगी, गिरफ्तार

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 12 जन॰
  • 2 मिनट पठन

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ठगी का एक मामला सामने आया है. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एक शातिर साइबर अपराधी को भी गिरफ्तार किया है. अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह के मुताबिक, आरोपी ने एक महिला से 86,500 रुपये की ठगी की और पैसे मिलने के बाद उससे संपर्क तोड़ लिया. नॉर्थ-वेस्ट जिले की साइबर थाना टीम ने आरोपी दशमीत सिंह को गिरफ्तार किया है.

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि आरोपी ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए महिलाओं को अपने जाल में फंसाया. इसके बाद शादी का भरोसा देकर उनसे पैसे ऐंठे. वर्तमान मामले में आरोपी ने शालीमार बाग दिल्ली की रहने वाली एक महिला से 86,500 रुपये की ठगी की थी. रकम हड़पने के बाद आरोपी ने पीड़िता के फोन कॉल को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया.

एडिशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि पीड़िता की ऑनलाइन शिकायत पर थाना साइबर नॉर्थ-वेस्ट जिला में 14 अक्टूबर 2025 को धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच में आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट्स, मोबाइल लोकेशन व बैंक खातों की गहन जांच की गई. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ठगी की रकम एक बैंक खाते में प्राप्त की और बाद में उसे UPI ट्रांजैक्शन के जरिए इधर-उधर ट्रांसफर किया था. लेनदेन पैटर्न व तकनीकी सर्विलांस से पुलिस आरोपी के ऑपरेशनल बेस राजपुरा, पटियाला (पंजाब) तक पहुंची.

एडिशनल सीपी ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था. पहले वह जनकपुरी दिल्ली में रहता था, बाद में वह राजपुरा पंजाब चला गया. लगातार तकनीकी निगरानी व मैनुअल इनपुट्स के आधार पर पुलिस टीम ने 8 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया. एडिशनल सीपी भीष्म सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पैसों की जरूरत व अपने आकर्षक लाइफस्टाइल के चलते इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहा था. उसने बताया कि ठगी की रकम से वह महंगी शराब खरीदने और पार्टियां करने में खर्च करता था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल अपराध में किया गया था. आरोपी ग्रेजुएट है. वर्तमान में एक निजी कंपनी में डिस्पैच मैनेजर के रूप में काम कर रहा था. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को शिकार बनाया

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page