top of page

दिल्ली में मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 9 जन॰
  • 2 मिनट पठन

2 करोड़ के आरआरयू के साथ दो आरोपी शिकंजे में



नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मोबाइल टावर उपकरणों की चोरी और अवैध व्यापार में शामिल एक अंतर-राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब 2 करोड़ रुपए की 130 हाई-वैल्यू रेडियो रिमोट यूनिट बरामद की हैं, जिनका इस्तेमाल मोबाइल टावरों में किया जाता है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी आदित्य गौतम के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान आफताब उर्फ रेहान के रूप में हुई है। उसके साथ रबनवाज नामक युवक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस बड़ी बरामदगी से पुलिस को कई राज्यों में दर्ज मोबाइल टावर उपकरण चोरी के कम से कम 60 मामलों को सुलझाने में मदद मिली है। रेडियो रिमोट यूनिट मोबाइल टावरों का बेहद अहम कंपोनेंट होती हैं। इनकी चोरी से टेलीकॉम आॅपरेटरों को भारी वित्तीय नुकसान होता है और नेटवर्क सेवाओं में भी बड़ी बाधा आती है, क्योंकि कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए नए उपकरण लगाने पड़ते हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि चोरी किए गए उपकरण दिल्ली के ट्रांस- यमुना इलाके में लाए जा रहे हैं। यहां उन्हें स्टोरेज और ट्रांजिट हब के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान से चोरी किए गए आरआरयू लाने वाले गिरोह की पहचान कर ली। 26 दिसंबर को पुख्ता जानकारी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने धौला कुआं के पास एक गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान उसमें से 130 रेडियो रिमोट यूनिट बरामद की गईं, जिन्हें एक्सपोर्ट के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि इन उपकरणों को महिपालपुर में स्थित एक ट्रांसपोर्टर के जरिए स्क्रैप सामान बताकर दुबई भेजने की तैयारी थी। आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी की गई आरआरयू को 90 हजार रुपए प्रति यूनिट के हिसाब से खरीदा गया था। इसके साथ ही कस्टम क्लीयरेंस के लिए जाली इनवॉइस का इस्तेमाल किया गया और उपकरणों को उसी हिसाब से पैक किया गया था। पुलिस ने बताया कि अब तक 60 आरआरयू की पहचान एक टेलीकॉम कंपनी ने कर ली है। बाकी उपकरणों के असली मालिक का पता लगाने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page