दिल्ली में छात्र के साथ ट्यूटर ने किया गंदा काम इसलिए हुआ हमला
- Jantantra Live

- 20 जन॰
- 2 मिनट पठन
खुलासा: यौन शोषण का बदला लेने के लिए ट्यूटर को उसी के छात्र ने मारा था चाकू

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में हुई चाकूबाजी और लूट की ब्लाइंड वारदात में बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल जयप्रकाश पेशे से ट्यूटर था और जिस नाबालिग छात्र को उसने पढ़ाया, उसी ने यौन शोषण का बदला लेने के लिए पूरी साजिश रची थी। डीसीपी ईस्ट अभिषेक धनिया ने बताया कि दो और तीन जनवरी की दरम्यानी रात थाना न्यू अशोक नगर को सूचना मिली थी कि कोंडली पुल के पास एक युवक को चाकू मारकर घायल किया गया है। घायल की पहचान कोंडली निवासी जयप्रकाश के रूप में हुई, जिसे पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पेट और पीठ पर गंभीर घाव मिलने के बाद हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान जयप्रकाश लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा और वारदात की सही जानकारी देने से बचता रहा। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच का सहारा लिया और करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सामने आया कि वारदात से पहले जयप्रकाश साइकिल से नहर रोड की ओर जा रहा था और उसके साथ एक नाबालिग छात्र बैठा था। कुछ समय बाद जयप्रकाश अकेला घायल हालत में लौटता दिखाई दिया जबकि नाबालिग अलग रास्ते से भागते हुए कैमरे में कैद हुआ। पूछताछ में नाबालिग ने पहले खुद को सिर्फ गवाह बताया लेकिन पुलिस की सख्ती और सबूतों के सामने उसने पूरी साजिश उजागर कर दी। जांच में पता चला कि जयप्रकाश नाबालिग छात्र का निजी ट्यूटर था और वह उसका लगातार यौन शोषण कर रहा था। इससे आक्रोशित होकर छात्र ने अपने परिचित के साथ मिलकर बदला लेने की योजना बनाई।
डीसीपी अभिषेक धनिया के अनुसार सुनसान नाले के पास लूट की झूठी कहानी रचकर जयप्रकाश पर चाकू से हमला किया गया ताकि मामला साधारण लूट जैसा लगे। हमले के बाद उसका मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी ले ली गई। पुलिस ने इस मामले में नाबालिग के परिजित को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग छात्र की भूमिका सामने आने के बाद जयप्रकाश के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।डीसीपी ईस्ट अभिषेक धनिया ने कहा कि यह मामला दशार्ता है कि कैसे एक ब्लाइंड केस को तकनीकी जांच और सूझबूझ से सुलझाया गया। फिलहाल पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।



टिप्पणियां