दिल्ली में क्राइम रेट बढ़ने पर भड़की कांग्रेस, जताया विरोध
- Jantantra Live

- 4 जन॰
- 2 मिनट पठन
राजधानी बढ़ती आपराधिक घटनाओं और महिलाओं की असुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और महिलाओं की असुरक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में बादली विधानसभा क्षेत्र के भलस्वा डेयरी थाने पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राजधानी में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी बेखौफ होकर नाबालिगों को निशाना बना रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान यादव ने भलस्वा डेयरी क्षेत्र की श्रद्धानंद कॉलोनी (ई-ब्लॉक) में स्थित दुर्गा मंदिर के एक पुजारी द्वारा 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ किए गए जघन्य अपराध का मामला उठाया। यादव ने पुलिस प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा, ''यह बेहद शर्मनाक है कि पुलिस ने अदालत के हस्तक्षेप और पीड़ित परिवार के भारी दबाव के बाद एफआईआर तो दर्ज कर ली, लेकिन आरोपी पुजारी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।''

उन्होंने मांग की कि दोषी को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। दिल्ली की सत्तासीन रेखा गुप्ता सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर प्रहार करते हुए यादव ने कहा कि दिल्ली में बलात्कार, छेड़खानी और झपटमारी के बढ़ते मामलों से जनता में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार कानून व्यवस्था को लेकर न तो कोई चिंता दिखा रही है और न ही इस गंभीर विषय पर केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ कोई समन्वय कर रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी अपने आंदोलन को और उग्र करेगी।



टिप्पणियां