top of page

दिल्ली में अनोखा प्रदर्शन: भेड़-बकरी लेकर एमसीडी मेयर कार्यालय के बाहर पहुंचे आप पार्षद

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 10 जन॰
  • 2 मिनट पठन

भाजपा मेयर राजा इकबाल सिंह पर महिला पार्षदों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया



नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में आम आदमी पार्टी (आप) के निगम पार्षदों ने शनिवार को अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया. भाजपा मेयर राजा इकबाल सिंह पर महिला पार्षदों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए आप पार्षद प्रतीकात्मक रूप से भेड़-बकरी लेकर महापौर कार्यालय के बाहर पहुंचे और जोरदार नारेबाजी की.

आप पार्षदों का कहना है कि एमसीडी सदन की हालिया बैठक में महिला पार्षदों के लिए जिस भाषा का प्रयोग किया गया, वह न केवल असंसदीय है बल्कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ भी है. इसी के विरोध में पार्टी ने यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया, ताकि महिलाओं के अपमान के मुद्दे को मजबूती से उठाया जा सके. पार्षदों ने मांग की कि मेयर राजा इकबाल सिंह इस टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दें. आप नेताओं का कहना है कि नगर निगम जैसे संवैधानिक मंच पर इस तरह की भाषा को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. अंकुश नारंग ने कहा कि शनिवार को मेयर ने सदन के अंदर जिस शब्दावली का इस्तेमाल किया, वह उस पद की गरिमा के खिलाफ है. उन्होंने महिला पार्षदों को ‘भेड़-बकरियां’ कहकर संबोधित किया. मेयर ने माफी भी मांगी थी. बाद में मेयर कह रहे हैं कि उन्होंने कुछ बोला ही नहीं. अगर उन्होंने कुछ नहीं बोला, तो फिर वह माफी किस बात की मांग रहे थे? देश के अंदर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करने वाली भाजपा को शर्म आनी चाहिए कि उनके मेयर महिलाओं को भेड़-बकरी कह रहे हैं. ऐसे मेयर को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त कर देना चाहिए.

अंकुश नारंग ने आगे कहा कि जो व्यक्ति महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकता, उसे ऐसे पद पर बैठने का कोई अधिकार नहीं है. यह वही महिलाएं हैं, जिन्होंने भाजपा को दिल्ली विधानसभा में 70 में से 48 सीटें दी हैं, केंद्र में तीन-तीन बार सरकार बनाई है और दिल्ली में सातों सांसद जिताकर दिए हैं. उन्हीं महिलाओं को मेयर राजा इकबाल सिंह भेड़-बकरी कह रहे हैं, जो शर्मनाक है. भाजपा को तुरंत प्रभाव से उन्हें बर्खास्त करना चाहिए.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page