दिल्ली में अटल कैंटीन शुरू, अब 5 रुपए में पाइए पौष्टिक भोजन
- Jantantra Live

- 25 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
सीएम रेखा गुप्ता ने 45 कैंटीन का उद्घाटन किया-55 का बाद में होगा, टोकन व्यवस्था लागू

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में गरीबों और जरूरतमंदों को राहत देने के उद्देश्य से भाजपा सरकार ने अटल कैंटीन योजना की शुरूआत की है। गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लाजपत नगर स्थित नेहरू नगर में अटल कैंटीन का औपचारिक उद्घाटन किया। इस योजना के तहत शहर में 100 जगहों पर 5 रुपए में एक प्लेट खाना मिलेगा। हर कैंटीन में लगभग 500 लोगों को खाना उपलब्ध कराया जाएगा। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, अटल कैंटीन दिल्ली की आत्मा बनेगी, यह ऐसा स्थान होगा जहां किसी को भी भूखा सोना नहीं पड़े।

सीएम ने अटल कैंटीन का जायजा लिया जहां भोजन परोस रहे और भोजन कर रहे लोगों से बातचीत की। बातचीत के दौरान लोगों ने कहा कि 5 रुपए में ऐसा स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन मिलना बड़ी बात है। दिल्ली सरकार की ये पहल गरीब और मजदूर के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। इस योजना का उद्देश्य गरीबों, मजदूरों और कम आय वाले परिवारों को सम्मान के साथ खाना उपलब्ध कराना है। सरकार ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों आरके पुरम, जंगपुरा, शालीमार बाग, ग्रेटर कैलाश, राजौरी गार्डन, नरेला, बवाना सहित 45 अटल कैंटीनों की शुरूआत की है। बाकी 55 कैंटीनों का उद्घाटन आने वाले दिनों में किया जाएगा।

इन कैंटीनों में प्रतिदिन दो समय खाना परोसा जाएगा कैंटीन का स्थान, समय और मेन्यू कैंटीन दो शिफ्ट में चलेगी। पहली शिफ्ट में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक लोग खाना खा सकेंगे। वहीं दूसरी शिफ्ट में शाम 6:30 बजे से रात 9:30 बजे तक कैंटीन खुली रहेगी। खाने की थाली में दाल, चावल, चपाती, मौसमी सब्जी और अचार शामिल है। खाना बांटने के लिए डिजिटल टोकन प्रणाली दिल्ली सरकार ने खाना बांटने के लिए मैनुअल कूपन की जगह डिजिटल टोकन सिस्टम शुरू किया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी, जिसे दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (डूसिब) के डिजिटल प्लेटफॉर्म से रियल-टाइम में मॉनिटर किया जाएगा।



टिप्पणियां