दिल्ली पुलिस ने मेरठ में छापा मारकर अवैध हथियार फैक्ट्री का किया पर्दाफाश, 5 कुख्यात गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 16 जन॰
- 2 मिनट पठन

नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस 2026 से पहले राजधानी दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया. पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है, इनके खिलाफ पहले से हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं.
दरअसल, 26 जनवरी से पहले राजधानी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साउथ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा. इसी दौरान स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा एक आरोपी दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में आने वाला है. 4 जनवरी को पुलिस टीम ने राजोकरी टी-पॉइंट के पास जाल बिछाया और भारत उर्फ भारू को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
साउथ-वेस्ट जिले के एडीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था. इस मामले में कापसहेड़ा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था. पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार बनाने वाले पूरे नेटवर्क का खुलासा किया. इसके बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कैलि गांव में छापा मारकर एक पूरी तरह से चालू अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया.
एडीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि इस दौरान मौके से अशरफ अली, उपेंद्र और सतीश को गिरफ्तार किया गया. जांच में सामने आया कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कुख्यात बदमाशों और गैंगस्टरों को मांग के आधार पर हथियार सप्लाई करता था. इसके बाद पुलिस ने हथियारों की सप्लाई में शामिल एक अन्य आरोपी इम्तेयाज़ को द्वारका इलाके से गिरफ्तार किया.
एडीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने कहा कि गिरफ्तार सभी आरोपी पहले भी कई संगीन अपराधों में शामिल रह चुके हैं. जेल से छूटने के बाद इन्होंने दोबारा अपराध की दुनिया में कदम रखा और अवैध हथियारों का कारोबार शुरू किया. उन्होंने बताया कि पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की सप्लाई पर बड़ा प्रहार हुआ है. राजधानी की सुरक्षा को मजबूत करने में यह महत्वपूर्ण कदम है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आने वाले समय में और गिरफ्तारियां हो सकती है. एडीसीपी अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 20 आधुनिक देसी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनरी और कई औज़ार बरामद किए हैं. बरामद सामान में लोहे के बैरल, ग्राइंडर, वेल्डिंग रॉड और अन्य उपकरण शामिल हैं.



टिप्पणियां