दिल्ली पुलिस ने बांग्लादेश में मोबाइल फोनों की तस्करी का किया खुलासा
- Jantantra Live

- 30 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
चोरी के मोबाइल अनलॉक कर बांग्लादेश भेजते थे, 4 गिरफ्तार, 116 फोन बरामद

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने चोरी और झपटमारी के महंगे मोबाइल फोन बांग्लादेश तस्करी करने वाले एक इंटरनेशनल रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 116 हाई-एंड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में चोरी और स्नैचिंग किए गए मोबाइल फोन को तकनीकी तरीके से अनलॉक कर बांग्लादेश भेजते थे, जहां उन्हें ऊंची कीमत पर बेचा जाता था।

सेंट्रल दिल्ली के पुलिस उपायुक्त निधिन वालसन ने बताया कि यह गिरोह पटेल नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मोबाइल स्नैचिंग केस की जांच के दौरान सामने आया। जांच के दौरान पुलिस को इस बात के संकेत मिले कि चोरी किए गए मोबाइल फोन स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि संगठित तरीके से विदेश भेजे जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर (28), सलमान ( 28 ), दिलशाद यासीन कुरैशी (33) और अयान (28) के रूप में हुई है। सभी आरोपी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रहने वाले हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड समीर बताया जा रहा है, जो प्रति मोबाइल फोन करीब 1,500 रुपये लेकर अवैध तरीके से उसे अनलॉक करता था। डीसीपी ने बताया कि आरोपी उन्नत मोबाइल अनलॉकिंग टूल्स और विदेशी सॉफ्टवेयर की मदद से आईफोन समेत अन्य महंगे फोन के सुरक्षा फीचर्स, खासकर आईक्लाउड लॉक को हटाते थे। कई मामलों में आरोपी चोरी किए गए सिम कार्ड का इस्तेमाल कर पीड़ितों को मैसेज भेजते थे, जिसमें दावा किया जाता था कि उनका फोन किसी अधिकृत स्टोर पर मिल गया है। इस बहाने पीड़ितों से आईक्लाउड आईडी हटवा ली जाती थी, जिससे फोन को दोबारा बेचना आसान हो जाता था।



टिप्पणियां