दिल्ली पुलिस ने किया ऑटो थेफ्ट गैंग का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 25 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
आरोपियों से लग्जरी कारें और अवैध हाईटेक हथियार भी बरामद

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने इंटर स्टेट सक्रिय ऑटो चोरी और अवैध हथियारों के संगठित गिरोह का पदार्फाश किया है। इस कार्रवाई में तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से चोरी की लग्जरी गाड़ियां, अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस और हाईटेक ऑटो थेफ्ट उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि, चोरों का यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर से महंगी गाड़ियां चोरी कर उन्हें उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में ठिकाने लगाने का काम करता था।
दिल्ली पुलिस को 17 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना से यह जानकारी मिली थी कि कुछ कुख्यात आॅटो लिफ्टर अवैध हथियारों के साथ पुष्प विहार इलाके में आने वाले हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस टीम ने एशियन मार्केट रोड पर तड़के करीब 3:30 बजे एक काली हुंडई क्रेटा कार को आते देखा, जिस पर नंबर प्लेट ना होने की वजह से पुलिस को इस कार पर शक हुआ। जिसके बाद कार में सवार तीनों आरोपी अबरार उर्फ शहनवाज, आसिफ और अनीश को मौके पर ही गिरफतार कर लिया गया और उनकी तलाशी की गई। जिसमें उनके पास से दो सेमी-आॅटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट, प्रोग्रामेबल चाबियां और गाड़ियां चोरी करने के अत्याधुनिक औजार भी बरामद हुए।
दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि हुंडई क्रेटा पहले से ही अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर एक टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और एक मारुति ब्रेजा भी बरामद की गई, जो अलग-अलग थानों में पहले सी ही दर्ज मामलों से जुड़ी है। गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं जिससे यह साफ होता है कि यह एक पेशेवर और संगठित गिरोह था। दिल्ली पुलिस अब इस गैंग में शामिल और लोगो की तलाश में जुटी हुई है।



टिप्पणियां