झिलती नहीं तो पी क्यों...गाजियाबाद में नशे में धुत दिल्ली पुलिस के एएसआई ने कई पर चढ़ाई कार
- Jantantra Live

- 10 जन॰
- 1 मिनट पठन
कई वाहनों को मारी टक्कर, 6 घायल, गुस्साई भीड़ ने कर डाली सुताई

गाजियाबाद। दिल्ली पुलिस के एक एएसआई ने शनिवार सुबह मोदीनगर में शराब के नशे में तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे छह लोग घायल हो गए। रफ्तार इतनी तेज थी कि कार ने एक के बाद एक तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। तेज रफ्तार कार नाले की दीवार से टकराने के बाद लोगों ने एएसआई को पकड़कर पीटा। दो गंभीर घायलों को मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने एएसआई को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। कार से शराब की बोतलें मिली हैं। आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी सतेंद्र मलिक के रूप में हुई है, जो दिल्ली के मॉडल टाउन पुलिस लाइन में तैनात है। आरोपी की हालत देख लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसकी जमकर धुनाई कर दी।
चश्मदीदों ने बताया कि कार ने सबसे पहले किदवईनगर के सब्बल और असलम की बाइक को उड़ाया, फिर दूसरी बाइक और एक ई-रिक्शा को चपेट में ले लिया। हादसे में घायल सब्बल और असलम की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेरठ रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का मोदीनगर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस को कार के अंदर से शराब की खाली बोतल और गिलास बरामद हुए हैं। मेडिकल जांच में भी एएसआई के शराब पीने की पुष्टि हो गई है। घायल के भाई की शिकायत पर मोदीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर आरोपित एएसआई को हिरासत में ले लिया है। आरोपी एएसआई के साथी की भी तलाश चल रही है।



टिप्पणियां