झांसी में रिटायर्ड रेलकर्मी ने प्रेमिका की हत्या कर शव के टुकड़े किए
- Jantantra Live

- 18 जन॰
- 3 मिनट पठन
आरोपी ने की है दो शादियां, प्रेमिका के साथ लिव इन में रहता था.

झांसी: शहर के सीपरी बाजार इलाके में रिटायर्ड रेलकर्मी ने लिव इन में रहने वाली प्रेमिका के साथ हैवानियत की हदें पार कर दीं. पहले प्रेमिका की हत्या की फिर शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए. कमरे में ही शव को जलाया. शनिवार रात करीब 11 बजे शव के बचे हिस्से को ठिकाने लगाने के लिए उसने ऑटो बुक की. शव एक नीले बक्से में भरा और ऑटो से अपनी दूसरी पत्नी के घर के लिए निकला. हालांकि, बक्से से दुर्गंध आने पर बाद में ऑटो चालक ने पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस ने आरोपी के घर से नीले बक्से को बरामद कर लिया है. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसकी दो पत्नियों और बेटे से भी पूछताछ की है. पुलिस के मुताबिक, शव को ठिकाने लगाने की कोशिश में आरोपी के बेटे ने भी साथ दिया है.
पुलिस के मुताबिक, रिटायर्ड रेलकर्मी राम सिंह (66) ने दो शादियां की हैं. पहली पत्नी रेलवे कॉलोनी में तो दूसरी ब्रह्मनगर में रहती है. राम सिंह के संबंध 32 वर्षीय प्रीति से भी थे. प्रीति को राम सिंह ने सीपरी इलाके के ही लहर गांव में किराये का मकान दिलवाया था. दोनों साथ ही रहते थे. एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात राम सिंह ने लहर गांव से अपनी दूसरी पत्नी के घर तक के लिए एक ऑटो बुक किया. ऑटो में उसने एक नीला बक्सा रखा, हालांकि चालक को इस पर संदेह हो गया. मिनर्वा चौराहे से पहले ही राम सिंह ने ऑटो रुकवाया और बक्से को वहीं उतार लिया. इधर, ऑटो चालक ने मिनर्वा चौराहे पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दे दी.
मौके पर नवाबाद थाना और शहर कोतवाली पुलिस पहुंची. ऑटो चालक से पूछताछ के बाद सीपरी बाजार पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ऑटो चालक की निशानदेही पर ब्रह्मनगर पहुंची. यहां गीता नाम की एक महिला मिली, जिसने पूछताछ में बताया कि उसका पति रामसिंह रेलवे से रिटायर्ड है और वह दूसरी पत्नी है. गीता ने ही पुलिस को प्रीति के बारे में जानकारी दी. यह बताया कि राम सिंह ने प्रीति की हत्या कर दी थी. प्रीति राम सिंह से लगातार पैसे मांग रही थी, इससे उसका पति परेशान था. दूसरी पत्नी के बताए पते पर पुलिस प्रीति के मकान पर पहुंची. कमरे के बाहर आंगन में एक चूल्हा मिला. पुलिस को आशंका है कि प्रीति के शव के टुकड़े इसी चूल्हे में जलाए जाते थे.
सीपरी बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा के मुताबिक, रामसिंह प्रीति के बार-बार पैसे की डिमांड करने से परेशान था. उसने 7 जनवरी को प्रीति को लहर गांव में कमरे पर बुलाया और उसकी हत्या कर दी. शव जब उससे बदबू आने लगी तो राम सिंह ने अपने बेटे नितिन परिहार से कुछ लकड़ियां और बॉक्स मंगवाया. बेटे ने पिता के इस जघन्य अपराध में मदद की. बेटे ने पूछताछ में बताया कि बॉक्स व लकड़ियां उसने लाकर दीं और 16-17 जनवरी की रात कमरे में ही प्रीति के शव को पिता ने जला दिया. इसके बाद बक्से में शव के जले टुकड़े रखे और राख व पानी भर दिया. इसे ठिकाने लगाने के लिए 17-18 जनवरी की रात ऑटो किराए पर लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि शव की शिनाख्त प्रथम दृष्टया हो गई है, लेकिन डीएनए टेस्ट कराया जाएगा. एसपी सिटी ने बताया कि मृतक महिला के पति राजकुमार की तहरीर पर सीपरी बाजार थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी रिटायर्ड रेलकर्मी गिरफ्तार कर लिया गया है.



टिप्पणियां