top of page

जितनी गंदी गोमती, उतने गंदे हैं बीजेपी के लोग: अखिलेश यादव

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 24 जन॰
  • 3 मिनट पठन

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जननायक कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया. इस दौरान उन्होंने एसएआर (SIR) प्रक्रिया, मतदाता सूची, चुनाव आयोग, भाजपा सरकार और प्रशासनिक तंत्र पर तीखे सवाल उठाए. अखिलेश यादव ने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर ने राजनीतिक सूझबूझ के साथ विषम परिस्थितियों में सबको साथ लेकर संघर्ष किया और सामाजिक न्याय की स्थापना की. आज उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर जो मूल उद्देश्य बताया गया था कि मतदाता सूची को शुद्ध, समावेशी और त्रुटिरहित बनाना, वह धरातल पर पूरा होता नहीं दिख रहा है. उन्होंने कन्नौज सदर विधानसभा सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कुल 83,226 मतदाताओं के नाम कटे हैं. करीब 200 डुप्लीकेट/फर्जी मतदाताओं की पहचान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मैन्युअल जांच में की है. आशंका है कि प्रदेश की हर विधानसभा सीट में बड़ी संख्या में फर्जी मतदाता शामिल किए जा रहे हैं.

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सरकार के साथ मिलकर भेदभावपूर्ण तरीके से काम कर रहा है और भाजपा अपनी मर्जी से निर्णय करा रही है. अखिलेश यादव ने मांग की कि वोटर आईडी को आधार से लिंक किया जाए, जिससे गड़बड़ियों की आशंका कम हो सके. उन्होंने कहा कि एसएआर की आड़ में एनआरसी जैसा माहौल बनाया जा रहा है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियां भी सामने आ चुकी हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि जब SIR पूरी तैयारी के साथ नहीं था, तो समय बढ़ाने का क्या औचित्य है. अखिलेश यादव ने कहा कि मैपिंग के नाम पर करोड़ों मतदाताओं को नोटिस भेजे जाने की तैयारी है. मतदाताओं को नोटिस भेजने की बातें सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है. बता दें कि सर की प्रक्रिया के दौरान लगभग 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं.

उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि फर्जी और डुप्लीकेट मतदाताओं को पकड़ने के लिए ठोस और पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए नोएडा में एक इंजीनियर की मौत का जिक्र किया और इसके लिए डायल 100 के कमजोर रिस्पांस सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने डायल 100 को बर्बाद कर दिया है, वरना समय पर पुलिस पहुंच जाती तो जान बच सकती थी. उन्होंने संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की मांग की. अखिलेश यादव ने राज्य निर्वाचन आयोग पर भी हमला बोलते हुए कहा कि मतदाता सूची इसलिए जारी नहीं की जा रही है, क्योंकि सरकार को डर है कि विपक्ष अदालत जाएगा. उन्होंने पीडब्ल्यूडी, बिजली विभाग सहित अन्य विभागों में सैकड़ों करोड़ रुपये के घोटालों का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री किसी को काम करने नहीं दे रहे हैं.

उन्होंने गोवंश संरक्षण के मुद्दे पर कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो गाय के दूध की खरीद के लिए विशेष योजना लाई जाएगी, ताकि कम फैट के कारण सस्ते बिकने वाले गाय के दूध को उचित दाम मिल सके यही सच्ची गौ-सेवा होगी. उन्होंने कहा कि हमारे घर में 45 गए हैं और घर में पकने वाली पहली रोटी गायक हो जती है.

अखिलेश यादव ने गोमती नदी की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि नदी बेहद गंदी हो चुकी है. जितना गंदी गोमती है भाजपा के लोग भी उतने ही गंदे हैं. जनगणना को लेकर उन्होंने मांग की कि अधिसूचना में यह भी जोड़ा जाए कि कोरोना वैक्सीन के बाद कितने लोगों की मौत हुई और कितनों को हार्ट अटैक आया. प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हाल में वायरल हो रहे कुछ वीडियो एआई से बने हो सकते हैं और उनकी जांच “एआई लैब” में होनी चाहिए.

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page