कानपुर में इंटरनेशनल सट्टेबाजी रैकेट का पर्दाफाश
- Jantantra Live

- 13 अप्रैल
- 2 मिनट पठन
आठ सदस्य गिरफ्तार, 100 करोड़ रुपए का संदिग्ध ट्रांजैक्शन मिला

कानपुर : कमिश्नरेट पुलिस ने प्रतिबंधित गेमिंग ऐप और साइबर ठगी के जरिए संचालित हो रहे एक बड़े अंतरराष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक जैसे दस्तावेज बरामद हुए हैं. जांच में सामने आया है कि आरोपियों के बैंक खाते में करीब 50 लाख रुपए मौजूद थे, जबकि इस पूरी यूनिट द्वारा अब तक लगभग 100 करोड़ रुपए का संदिग्ध ट्रांजैक्शन किया जा चुका है.
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया, पकड़े गए युवक इस सिंडिकेट की एक ब्रांच में परमानेंट एम्प्लॉई की तरह काम कर रहे थे. इनका मुख्य काम ठगी या सट्टे के पैसे का विड्रॉल सुनिश्चित करना था. ये लोग लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहते थे. यदि पुलिस किसी भी सदस्य को ट्रैक कर लेती, तो मास्टरमाइंड तुरंत उनके मोबाइल फोन को रिमोट एक्सेस के जरिए बंद कर पूरी तरह से फॉर्मेट कर देते थे, ताकि कोई भी डिजिटल सबूत हाथ न लग सके.
यह गिरोह टेलीग्राम और इंस्टाग्राम रील्स के माध्यम से सट्टेबाजी और गेमिंग ऐप का विज्ञापन करता था. जालसाज लोगों को ऐप पर रजिस्टर कराकर उनके अकाउंट खुलवाते थे. शुरुआत में छोटे दांव लगाने वालों को जिताकर उनका भरोसा जीता जाता था, लेकिन जैसे ही कोई बड़ी रकम लगाता, मास्टरमाइंड तुरंत गेम के परिणाम बदलकर पैसे हड़प लेते थे. इस खेल में हारने वालों का पैसा तुरंत सिंडिकेट के करंट अकाउंट्स में भेज दिया जाता था, जिसे बाद में पकड़े जाने से बचने के लिए USDT और क्रिप्टो करेंसी में बदल दिया जाता था.
ठगी के इस खेल में डिजिटल अरेस्ट और अन्य साइबर अपराधों से कमाया गया पैसा इस्तेमाल किया जाता था. इस अवैध धन को खपाने के लिए अपराधी म्यूल अकाउंट्स किराए के खातों का सहारा लेते थे. पुलिस कमिश्नर ने बताया कि साइबर फ्रॉड से जुड़ी रकम को ये लोग करीब 40 फीसदी के कमीशन पर ट्रांसफर करते थे. उदाहरण के तौर पर, यदि एक लाख रुपये की ठगी का पैसा है, तो उसका 40 हजार रुपये विड्रॉल कर लिया जाता था, जबकि शेष हिस्सा ट्रैकिंग और पुलिस रडार के जोखिम को देखते हुए छोड़ दिया जाता था. फिलहाल पुलिस इस रैकेट के मास्टरमाइंड और अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी है.



टिप्पणियां