top of page

घोसी विधानसभा उपचुनाव; सपा ने सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत को बनाया उम्मीदवार

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 26 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

शिवपाल यादव बोले- भाजपा में पीड़ित ब्राह्मण विधायकों का सपा में स्वागत



लखनऊ/गाजीपुर : समाजवादी पार्टी ने सुधाकर सिंह के निधन के बाद खाली हुई घोसी विधानसभा सीट पर उनके बेटे सुजीत सिंह को उम्मीदवार बनाया है. घोसी में उपचुनाव अप्रैल 2026 तक संभावित है.

समाजवादी पार्टी से भाजपा में शामिल हुए दारा सिंह चौहान के सीट खाली करने के बाद हुए घोसी उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने जीत दर्ज की थी. विधायक सुधाकर सिंह के निधन के बाद यहां पर एक बार फिर उप चुनाव होना है. दारा सिंह चौहान को हराने वाले सुधाकर सिंह की घोसी में मजबूत पकड़ रही है, जिससे सुजीत की राह आसान हो सकती है. सचिवालय से हाल ही में घोसी विधानसभा सीट को रिक्त घोषित करते हुए अधिसूचना जारी की गई थी. 20 नवंबर को सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन हुआ था. फिलहाल, बीजेपी की ओर से इस बार किसी उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया गया है.

अखिलेश यादव ने किया टिकट फाइनल : वहीं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि घोसी से स्वर्गीय विधायक सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह ही चुनाव लड़ेंगे और उनकी जीत पक्की है. शिवपाल यादव ने गाजीपुर में बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुजीत सिंह का टिकट फाइनल कर दिया है. शुक्रवार को गाजीपुर पहुंचे सपा नेता शिवपाल यादव ने यूपी भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने आह्वान किया है कि भाजपा से पीड़ित जितने भी ब्राह्मण हैं, वे समाजवादी पार्टी में आ जाएं. सपा उनका स्वागत और सम्मान करेगी. उन्नाव रेप पीड़िता के सवाल पर शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधायक कुलदीप को छुड़ाया है, अब वही उसकी रक्षा करें, क्योंकि प्रदेश में भाजपा की ही सरकार है.

बीमारी से हो गई थी सुधाकर सिंह की मौत : बीमारी के कारण 20 नवंबर को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान सुधाकर सिंह का निधन हो गया था. वह मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के दावत-ए-वलीमा में शामिल होने के बाद दिल्ली से लौट रहे थे. वाराणसी एयरपोर्ट पर उनकी तबीयत खराब हो गई थी. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.


 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page