गाजियाबाद: शालीमार गार्डन में हिंदू रक्षा दल ने बांटीं तलवारें और फरसा, दौड़ पड़ी पुलिस
- Jantantra Live

- 29 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन
खुलेआम तलवारों के प्रदर्शन व वितरण की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश, 10 से अधिक पकड़े

गाजियाबाद। हिंदू रक्षा दल ने सोमवार को में हिंदुओं में तलवारें और फरसे बांटे। शालीमार गार्डन में खुली सड़क पर आयोजित इस कार्यक्रम में जमकर धार्मिक नारे लगाए गए। संगठन ने सरकार से लोगों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण देने की भी इजाजत मांगी है। इस संगठन ने इस तरह का कार्यक्रम रविवार को दिल्ली में भी आयोजित किया था। वहां भी हिंदुओं को तलवारें बांटी गई थीं। शालीमार गार्डन में खुलेआम तलवारों का प्रदर्शन और वितरण किए जाने की वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई और मौके पर पहुँच कर कुछ कार्यकर्ताओं को डिटेन कर लिया। वितरण के लिए रखी तलवारें जब्त करते हुए पुलिस ने बाकियों की धरपकड़ के लिए दबिश भी दी।

दरअसल, हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने सोमवार को शालीमार गार्डन में अपने कार्यालय पर हिंदुओं को तलवार और फरसे बांटे।एक ऐसा ही कार्यक्रम उन्होंने रविवार को दिल्ली में अपने नंद नगरी कार्यालय पर आयोजित किया था। हिंदू रक्षा दल के अमित प्रजापति के मुताबिक हिंदुओं को रक्षा के लिए उन्होंने यह हथियार बांटे हैं। इस दौरान उनके समर्थकों ने धार्मिक नारे भी लगाए। अमित प्रजापति ने इस अवसर पर कहा कि हम लोगों से कह रहे हैं कि वह अपनी सुरक्षा के लिए घर में शस्त्र रखें। उन्हें चलाना सीखें और जब कभी पागल कुत्तों का, जाहिलों का और जिहादियों का झुंड खड़ा हो या बांग्लादेश जैसी स्थिति बने, स्वयं से उम्मीद रखें। सरकार या किसी संगठन का नुमाइंदा बाद में आएगा पहले आपको खुद मजबूत होना पड़ेगा। हम सरकार से निवेदन करेंगे कि हमें शस्त्र चलाने की ट्रेनिंग देने की अनुमति भी दें। हम समाज को जागरूक और ताकतवर बनाने का काम कर रहे हैं। हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी का भी इस संबंध में वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह तलवार और फरसा बांटने की बात कह रहे हैं।

उधर, वीडियो वायरल होने और सूचना मिलने पर एसीपी शालीमार गार्डन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर पिंकी चौधरी और अन्य लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने 16 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर 10 से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार किया है और भारी संख्या में तलवारें बरामद की हैं। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।



टिप्पणियां