top of page

गाजियाबाद: मोदीनगर में जीडीए ने अवैध कॉलोनियां ध्वस्त कीं

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 7 जन॰
  • 2 मिनट पठन

विरोध के बावजूद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई



गाजियाबाद। मोदीनगर में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मुरादनगर के मोहम्मदपुर धेंदा और असालतनगर क्षेत्रों में लगभग 25.5 बीघा (लगभग 25,600 वर्ग मीटर) क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को 6 जनवरी 2026 को ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष के अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त निर्देशों के बाद की गई।

प्रवर्तन जोन-02 के प्रभारी के नेतृत्व में, मोहम्मदपुर धेंदा में खसरा संख्या-274 पर लगभग 15,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में उम्मेदपाल, मुकेश, रविंद्र तेवतिया और कोमल सिंह द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनी को निशाना बनाया गया। इसके अतिरिक्त, सरना मुरादनगर में खसरा संख्या-602, 603, 605 पर शहजाद मलिक, सलीम मलिक, शरद सिंहल और अन्य द्वारा लगभग 3,600 वर्ग मीटर में बनाई गई कॉलोनी पर भी कार्रवाई हुई। असालतनगर में हनुमान मंदिर के पीछे, पिलर संख्या-812 के सामने, खसरा संख्या-217 पर भूपेंद्र चौधरी, पुष्पेंद्र चौधरी और जसवंत सिंह द्वारा लगभग 7,000 वर्ग मीटर में की गई प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया।

इन सभी स्थलों पर कोई स्वीकृत तलपट मानचित्र (लेआउट प्लान) नहीं दिखाया गया। कई स्थल रोड वाइडनिंग और ग्रीन बेल्ट क्षेत्र से भी प्रभावित थे। अवैध कॉलोनियों में कॉलोनाइजरों द्वारा बनाई गई सड़कें, बाउंड्रीवॉल और साइट ऑफिस आदि को ध्वस्त कर दिया गया।

इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान स्थानीय विकासकर्ताओं और निर्माणकर्ताओं द्वारा काफी विरोध किया गया। हालांकि, प्राधिकरण के पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया और कार्रवाई जारी रखी। प्रवर्तन जोन-02 के सहायक अभियंताओं ने मौके पर लोगों को सख्त निर्देश दिए कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई के समय सहायक अभियंतागण, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल और प्राधिकरण पुलिस बल मौजूद रहे।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page