top of page

गाजियाबाद मेयर से बोला कब्जाधारी- ग्रीन बेल्ट का किराया देते हैं

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 6 दिन पहले
  • 1 मिनट पठन

भड़की मेयर ने ग्रीन बेल्ट किराए पर देने के मामले की जांच के आदेश दिए



गाजियाबाद। इंदिरापुरम न्यायखंड -1 में एनएच नौ के पास ग्रीन बेल्ट क्षेत्र को किराये पर देकर दुकान व तबेले खुलवाने का मामला सामने आया है। रविवार को अतिक्रमण की शिकायत पर निरीक्षण के लिए पहुंची महापौर सुनीता दयाल से कब्जा करने वालों ने कहा कि वे इसका किराया देते हैं। महापौर ने ग्रीन बेल्ट खाली न करने पर सामान जब्त करने की चेतावनी देते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। ग्रीन वैली में बड़ी संख्या में दुकानें, तबेले, कबाड़ के गोदाम एवं अन्य असामाजिक तत्वों ने कब्जा कर रखा है। महापौर शिकायत पर यहां निरीक्षण के लिए पहुंची और कब्जा करने वालों को चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान मौजूद पार्षद हरीश कड़ाकोटी के मुताबिक कब्जा करने वालों ने बताया कि वे मकनपुर निवासी एक व्यक्ति को किराया देते हैं। उसी ने दुकान खुलवाई है। महापौर ने किराया लेने वाले व्यक्ति का नाम और नंबर नोट कर अधिकारियों को दिया। कहा कि इसकी जांच करें। यदि निगम की जमीन किराये पर देने के आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कब्जा करने वालों को अपना सामान जल्द हटाने के लिए कहा। चेतावनी दी कि ऐसा न हुआ निगम कार्रवाई करेगा और सामान जब्त किया जाएगा।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page