गाजियाबाद में हिन्दू रक्षा दल के अध्यक्ष को प्रशासन को चुनौती देना पड़ा भारी
- Jantantra Live

- 6 जन॰
- 2 मिनट पठन
तलवारें बांटने के आरोप में भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी बेटे के साथ गिरफ्तार

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन में तलवार बांटने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उसके बेटे हर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 29 दिसंबर 2025 को हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने शालीमार गार्डन में तलवार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया था। हिंदू रक्षा दल के कार्यालय के सामने पिंकी चौधरी ने काउंटर लगाकर तलवारें रखी थी, हिंदू पर खतरा बता कर पिंकी चौधरी और उसके साथियों ने तलवार बांटी थी। पिंकी चौधरी का तलवार बांटने का वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और 16 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में मुकदमा दर्ज कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंगलवार को पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी पिंकी चौधरी और उसके बेटे हर्ष चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा इस मामले में 10 आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एसीपी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक पिंकी चौधरी और उसके साथियों द्वारा तलवार बांटने से मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया था और सड़क पर आने जाने वाले और वाहनों में बैठे व्यक्ति भयभीत होकर अपने वाहनों को छोड़कर भागने लगे थे। आसपास के लोग डर कर अपने घरों में छुप गए थे। पिंकी चौधरी और उसके साथियों द्वारा प्रदर्शन भी किया गया जिसकी वजह से मार्क अवरोध हुआ। एसीपी के मुताबिक, भूपेंद्र उर्फ पिंकी चौधरी के खिलाफ लोक शांति भंग करने और लोगों को भड़काने आदि के संबंध में थाना शालीमार गार्डन, थाना साहिबाबाद, थाना कवि नगर थाना लोनी और थाना नंदग्राम समेत अन्य थानों में कुल 27 मुकदमे दर्ज है। जबकि हर्ष के विरुद्ध थाना शालीमार गार्डन पर लोक शांति भंग करने के संबंध में एक और थाना साहिबाबाद में मारपीट और धमकी देने के संबंध में दो मुकदमे दर्ज हैं। हर्ष पर कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। पिंकी चौधरी और हर्ष के अन्य आपराधिक के इतिहास की पुलिस जानकारी जुटा रही है।



टिप्पणियां