top of page

गाजियाबाद में सौतेली मां ने 6 साल की बेटी का किया मर्डर, पति भी हिरासत में

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 12 जन॰
  • 2 मिनट पठन

बेव सिटी इलाके की वारदात, बेटे के शरीर पर भी मिले चोट के निशान



गाजियाबाद। वेव सिटी थानाक्षेत्र के डासना में सौतेली मां ने 6 साल की मासूम बच्ची को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। हत्या के बाद बच्ची के शव को अस्पताल ले जाया गया और फिर चुपचाप दफनाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन समय रहते पुलिस को सूचना मिल गई। पुलिस ने आरोपी महिला के साथ-साथ उसके पति को भी हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक डासना के वीर अब्दुल हमीद पार्क के पास रहने वाला अकरम फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी पहली पत्नी तराना की तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। तराना से उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें छह वर्षीय शिफा भी शामिल थी। करीब दो साल पहले अकरम ने निशा परवीन से दूसरी शादी की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही निशा परवीन और अकरम बच्चों के साथ मारपीट और प्रताड़ना करते थे। रविवार शाम मामूली बात को लेकर निशा परवीन ने शिफा की बेरहमी से पिटाई की। बच्ची के शरीर पर कचोटने और मारपीट के गहरे निशान मिले हैं। हालत बिगड़ने पर आरोपी बच्ची को हापुड़ के पिलखुवा स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि आरोपी माता-पिता तीनों बच्चों को टॉर्चर कर रहे थे। आरोपियों ने शिफा की तो पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं शिफा के छोटे भाई आहिल के भी पीठ व शरीर पर अन्य जगह पिटाई के निशान मिले हैं। उसके शरीर पर भी नील पड़े हुए हैं। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि शव को घर लाकर दफनाने की कोशिश की जा रही थी। इसी बीच स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पिता अकरम और सौतेली मां निशा परवीन को हिरासत में ले लिया है। एसीपी का कहना है कि बच्ची के ननिहाल पक्ष की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page