गाजियाबाद में मनाया गया राष्ट्रीय मतदाता दिवस
- Jantantra Live

- 6 दिन पहले
- 2 मिनट पठन
एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करने वालों को प्रशासन ने किया सम्मानित

गाजियाबाद: लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे दिव्यांग और वृद्धि मतदाताओं का बैंड बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया. कार्यक्रम के दौरान स्क्रीन के माध्यम से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का संदेश प्रसारित किया गया. अपने संदेश में उन्होंने एसआईआर और निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए नए मतदाताओं से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान नन्हे कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया. मतदाता दिवस के कार्यक्रम के उपलक्ष में तकरीबन 500 से अधिक लोग हिंदी भवन में उपस्थित रहे. इस दौरान अधिकारियों की तरफ से 18 की उम्र पार करने के बाद पहली बार मतदाता बनने वाले मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड दिया गया. दिव्यांग बच्चों ने प्रस्तुति देकर मतदान के महत्व के बारे में बताया. कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि मौजूदा समय में चल रहे एसआईआर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपना वोट बनवाना और त्रुटियों को दूर करवाना सुनिश्चित करें.
फिलहाल, गाजियाबाद में विशेष गहन प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाता पंजीकरण, नाम संशोधन और आपत्तियों के निस्तारण का कार्य जारी है. एसआईआर के बीच मतदाता सूची से किसी कारणवश छूट गए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष अभियान संचालित किया गया है. अभियान के तहत 26 जनवरी को सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे. ऐसे नागरिक जिनके नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाए हैं वह विशेष अभियान के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं.
गौरतलब है कि, मतदाताओं को जागरूक करने के लिए हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है. मतदाता दिवस मनाने के पीछे उद्देश्य चुनाव में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ाना और लोकतंत्र को मजबूत करना है. राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की शुरुआत भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 2011 में की गई थी. राष्ट्रीय मतदाता दिवस मतदाताओं को मतदान के अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए महत्वपूर्ण है.



टिप्पणियां