top of page

गाजियाबाद में चला अग्निशमन विभाग का जांच अभियान

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 16 जन॰
  • 1 मिनट पठन

मॉल, होटल और फार्म हाउस में अग्नि सुरक्षा की कमियों पर नोटिस



गाजियाबाद। अग्निशमन विभाग ने मॉल, होटल, मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल और फार्म हाउस जैसी भीड़भाड़ वाली जगहों पर अग्नि सुरक्षा की जांच करने का व्यापक अभियान चलाया। यह कार्रवाई उन स्थानों पर की गई, जहां एक साथ बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं। अभियान के तहत गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में स्थित बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस और होटलों में लगी अग्निशमन व्यवस्था की जांच की गई। पांडवनगर, गोविंदपुरम, लोनी, खोड़ा, वसुंधरा, कौशांबी, इंदिरापुरम, भोपुरा और वजीराबाद रोड जैसे क्षेत्रों में कुल 36 होटल और हॉलों की निरीक्षण की गई।

जांच के दौरान कई स्थानों पर अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियां पाई गईं। इनमें किमाया बैंक्वेट हॉल, प्रीतम फार्म हाउस, मार्शल महल, रिवेयरा बैंक्वेट हॉल, लेखराज फार्म हाउस, बंधन बैंक्वेट हॉल, श्रीराम पैलेस, दर्शन होटल, बाबा बैंक्वेट हॉल, अलैक्स टाउन हाउस, इंविटेशन पैलेस और ग्रांड आशीर्वाद होटल शामिल हैं। इन सभी स्थानों के संचालकों को नोटिस जारी कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में उपकरणों के इस्तेमाल की जानकारी दी और आग से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया। इसके साथ ही भवनों में बिजली व्यवस्था की जांच कराने और इलेक्ट्रिकल ऑडिट कराना सुनिश्चित करने की सलाह भी दी गई। अधिकारियों ने सभी भवन मालिकों को निर्देश दिए हैं कि अग्निशमन सिस्टम हमेशा चालू स्थिति में रखें और आपातकालीन निकास रास्तों को किसी भी हाल में बंद न होने दें।

 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page