गाजियाबाद में खाद्य सुरक्षा अफसरों ने बेकरी की दुकानों पर जांच की
- Jantantra Live

- 24 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

गाजियाबाद। नए साल से पहले खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिलेभर में बेकरी और मिठाई प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के स्पष्ट निदेर्शों के तहत और खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में की जा रही है। विभाग की टीमों ने शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित कई बेकरी और मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान बेकरी में कार्यरत कारीगरों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे काम के दौरान कैप, मास्क और एप्रन का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। इसके साथ ही कच्चे माल की गुणवत्ता, खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था, साफ-सफाई और निर्माण प्रक्रिया की भी गहन जांच की गई। कई प्रतिष्ठानों में हाइजीन से जुड़े नियमों की अनदेखी पाई गई। कुछ जगह कर्मचारियों के पास सुरक्षा उपकरण नहीं थे, जबकि कई बेकरी में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। ऐसे मामलों में संबंधित संचालकों को मौके पर ही चेतावनी दी गई और तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन दोबारा पाया गया, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ जुमार्ना, कानूनी कार्रवाई और लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नए साल से पहले मिठाइयों, केक, पेस्ट्री और अन्य बेकरी उत्पादों की खपत में तेजी से बढ़ोतरी होती है। ऐसे में उपभोक्ताओं की सेहत से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों से निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की। विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि यह निरीक्षण और छापेमारी अभियान नए साल तक लगातार जारी रहेगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आम लोगों को सुरक्षित और मानक अनुरूप खाद्य सामग्री ही उपलब्ध हो।



टिप्पणियां