गाजियाबाद में कफ सिरप गैंग का एक और सहयोगी गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 30 दिस॰ 2025
- 1 मिनट पठन

गाजियाबाद। पुलिस और क्राइम ब्रांच ने प्रतिबंधित एस्कफ और फेंसिडिल कफ सीरप की अवैध तस्करी और कालाबाजारी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह का एक और सदस्य गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी दीप प्रकाश गुप्ता हरदोई का रहने वाला है। यह उसी गिरोह का हिस्सा है जिसके 8 सदस्यों को पुलिस ने 4 नवंबर 2025 की रात मेरठ रोड स्थित मछली गोदाम परिसर से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार दीप प्रकाश की डीपी एन्टरप्राइजेज नाम की फर्म सिर्फ कागजों पर बनाई गई थी। इसका उपयोग अवैध पैसे को वैध दिखाने और तस्करी में सहयोग के लिए किया जाता था। पुलिस के अनुसार डीपी एन्टरप्राइजेज का कोई वास्तविक कारोबार नहीं था। जांच में यह भी पता चला कि आरएस फार्मा के मालिक सौरभ त्यागी और वान्या एन्टरप्राइजेज के मालिक विशाल उपाध्याय ने साल 2024-25 में डीपी एन्टरप्राइजेज के नाम पर करीब 5 करोड़ रुपये के नकली बिल तैयार किए थे। गिरफ्तारी के बाद दीप प्रकाश ने पुलिस को बताया कि कमीशन के लालच में उसने अपने नाम से फर्म बनवाई थी। आरएस फार्मा और वान्या एन्टरप्राइजेज के कहने पर वह कैश में पैसा लेकर बैंक खातों में जमा कर आरटीजीएस करता था और बदले में कमीशन लेता था। तस्करी का भंडाफोड़ होने के बाद उसे मोबाइल बंद कर भागने की सलाह दी गई थी। 4 नवंबर 2025 को पुलिस ने 4 ट्रकों से कुल 1150 पेटी कफ सीरप बरामद किया था, जिन्हें चुनों की बोरियों के बीच छिपाकर रखा गया था। ऐसी ही एक खेप पुलिस ने अक्टूबर 2025 में त्रिपुरा के अगरतला में रेल तस्करी के दौरान पकड़ी गई थी।



टिप्पणियां