गाजियाबाद में 256 कॉलोनियों के ध्वस्त होने की खबरों को डीएम ने नकारा
- Jantantra Live

- 12 जून
- 2 मिनट पठन
डीएम बोले-जनता को डरने की जरूरत नहीं, सिर्फ भूमाफियाओं पर होगी कार्रवाई

गाजियाबाद: गाजियाबाद में 256 कॉलोनियों को ध्वस्त किए जाने की खबरों से चिंतित स्थानीय लोगों के मन से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने चिंता और भय दूर कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस तरह की खबरें पूरी तरह भ्रामक है. प्रशासन की ओर से 256 कॉलोनियों को तोड़ने की कोई योजना नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए. कुछ दिन पहले खबरें सामने आई थी की हिंडन डूब क्षेत्र में प्रशासन की ओर से 256 कॉलोनियों को तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी. इन 256 कॉलोनी में लगभग चार लाख लोग रहते हैं.
जिलाधिकारी ने भी बताया कि हाल ही में अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए थे यमुना नदी और हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में जो क्षेत्र खाली है, इसका लगातार विजिट कर निरीक्षण करें. विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं की डूब क्षेत्र की जमीनों का बैनामा ना हो. इसके लिए विशेष ड्राइव शुरू की गई है. डूब क्षेत्र में जमीनों पर कब्जा कर भोले भाले लोगों को जमीनें बेचने वाले भू-माफियाओं को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि लोग डूब क्षेत्र की भूमि और वैध आवासीय क्षेत्र के बीच अंतर समझ सके. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि स्थानीय स्तर पर लोगों को भूमि की खरीद फरोख्त से जुड़े नियमों की जानकारी दें और संदिग्ध मामलों की तुरंत जांच कराई जाए. प्रशासन का मानना है कि जागरूकता बढ़ने से भूमाफियाओं की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है. जिला प्रशासन की ओर से अपील की गई है कि अगर कोई व्यक्ति डूब क्षेत्र में प्लॉट या जमीन बेचने का प्रस्ताव दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें.



टिप्पणियां