गाजियाबाद: पुलिस की छापेमारी में दो गांजा तस्कर और चार जुआरी गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 13 जन॰
- 1 मिनट पठन
2 आरोपियों से 5 किलो 200 ग्राम ड्रग्स बरामद, 4 आरोपियों से दांव पर लगाए गए 75 हजार रूपए बरामद

गाजियाबाद। लोनी इलाके में पुलिस ने नशे और जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अभियान में अलग-अलग थानों के करीब 50 पुलिसकर्मी और एक प्लाटून पीएसी बल शामिल रहा। अभियान का नेतृत्व एसीपी लोनी और लोनी थाना प्रभारी ने किया।
पुलिस द्वारा व्यापक सर्च और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो आरोपियों विकास कुमार और जाकिर उर्फ मुन्ना को अवैध ड्रग्स की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी लोनी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। इनके कब्जे से कुल 5 किलो 200 ग्राम ड्रग्स बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की बरामदगी से क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार पर बड़ा असर पड़ेगा। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने एक मकान में संगठित रूप से जुआ खेल रहे चार आरोपियों विजय कुमार, प्रवेश उर्फ कालू, मोहम्मद सलीम और संदीप को भी गिरफ्तार किया। मौके से 52 ताश के पत्ते और जुए की फड़ से 75,600 रुपए नकद बरामद किए गए। आरोपियों की तलाशी लेने पर 890 रुपए और मिले। इस प्रकार कुल 76,490 रुपए नकद पुलिस ने जब्त किए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।



टिप्पणियां