गाजियाबाद: गैंगरेप का एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
- Jantantra Live

- 20 जन॰
- 1 मिनट पठन

गाजियाबाद। लोनी के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला मध्य प्रदेश से जीरो एफआईआर के तौर पर ट्रोनिका सिटी थाने को मिला था। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि ट्रोनिका सिटी थाने को 1 नवंबर 2025 को गढ़कोटा, जिला सागर, मध्य प्रदेश से जीरो एफआईआर प्राप्त हुई थी। यह एफआईआर पीड़िता के साथ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान, पुलिस टीम ने 19 जनवरी 2026 को वांछित आरोपी प्रद्युम्न बसोर पुत्र दयाराम बसोर को गुरुग्राम, हरियाणा से गिरफ्तार किया। प्रद्युम्न मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने दोस्त उत्तम के साथ ट्रोनिका सिटी की झुग्गियों के रास्ते से काम पर जाता था। पीड़िता के माता-पिता भी उन्हीं के साथ काम करते थे, जिससे उनका पीड़िता की झुग्गी में आना-जाना था। प्रद्युम्न ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर 2025 की सुबह जब पीड़िता के माता-पिता काम पर गए थे, तब वह और उसका दोस्त उत्तम पीड़िता को बहला-फुसलाकर उसकी झुग्गी में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने पीड़िता को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। एसीपी लोनी ने पुष्टि की कि गिरफ्तार अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है और फरार अभियुक्त उत्तम की तलाश जारी है।



टिप्पणियां