गाजियाबाद के धोखेबाज पति की ‘डर्टी पिक्चर’, पत्नी ने नैनीताल में गर्लफ्रेंड संग पकड़ा
- Jantantra Live

- 3 जन॰
- 2 मिनट पठन

गाजियाबाद। गाजियाबाद की एक सरकारी शिक्षिका को अपने ही पति की बेवफाई का विरोध करना लगभग जानलेवा साबित हुआ। घटना 29 दिसंबर की बताई जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसे जान से मारने की कोशिश की। प्रीति, जो पेशे से सरकारी शिक्षिका हैं, ने बताया कि उनके पति अभिषेक कौशिक ने घर से यह कहकर निकलने का बहाना बनाया था कि उन्हें ऑफिस के काम से बाहर जाना है। पति की गतिविधियों पर शक होने के बाद प्रीति अपने परिजनों के साथ करीब 300 किलोमीटर का सफर तय कर नैनीताल पहुंच गईं।
प्रीति के मुताबिक, नैनीताल पहुंचने के बाद उन्होंने चार दिनों तक अलग-अलग होटलों की तलाश की। चार दिन बाद जो नजारा उन्होंने देखा, उसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। उनके पति अभिषेक कौशिक अपनी एक महिला सहकर्मी (गर्लफ्रेंड) के साथ कार में घूमते नजर आए। जब प्रीति ने कार के सामने आकर पति को रोकने की कोशिश की, तो पकड़े जाने के डर से अभिषेक ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और तेज कर दी। प्रीति संतुलन खोकर कार के बोनट पर गिर गईं, लेकिन इसके बावजूद अभिषेक नहीं रुका और बोनट पर लटकी पत्नी को कई मीटर तक सड़क पर घसीटता ले गया। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने शोर मचाते हुए कार का पीछा किया और किसी तरह शीशा तोड़कर प्रीति को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि समय रहते लोग हस्तक्षेप न करते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़िता ने बताया कि उनकी शादी को 11 साल हो चुके हैं और उनका एक 6 साल का बेटा भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति की प्रताड़ना लंबे समय से चल रही है। पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला पहले से दर्ज है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने इस जानलेवा हमले को लेकर नैनीताल और गाजियाबाद के वेव सिटी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



टिप्पणियां