गाजियाबाद के 12 वर्षीय युग छोटी बहन नंदिनी के साथ स्केटिंग से अयोध्या तक करेंगे सफर
- Jantantra Live

- 29 दिस॰ 2025
- 1 मिनट पठन

गाजियाबाद। शास्त्री नगर निवासी 12 वर्षीय युग नागर और उनकी 10 वर्षीय बहन नंदिनी नागर स्केटिंग के जरिए गाजियाबाद से अयोध्या तक की 800 किलोमीटर लंबी यात्रा पर निकले हैं। इतनी कम उम्र में यह बड़ा सफर तय करने का उनका निर्णय चर्चा का विषय बना हुआ है। युग छठी और नंदिनी पांचवीं कक्षा में पढ़ते हैं। दोनों ने पिछले एक साल से स्केटिंग का गंभीरता से अभ्यास किया है। वे प्रतिदिन ढाई घंटे प्रशिक्षण लेते हैं और अनुशासित जीवनशैली का पालन करते हैं। जंक फूड से परहेज कर वे घर का बना पौष्टिक भोजन खाते हैं, जिससे उनका शरीर इस चुनौती के लिए तैयार हो सके। युग ने बताया कि वे इस यात्रा को सात दिनों में पूरा करने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य प्रतिदिन 100 से 120 किलोमीटर तक स्केटिंग करना है। सफर के दौरान आराम के लिए भी समय निर्धारित किया गया है। यह पहली बार नहीं है जब इन भाई-बहनों ने स्केटिंग के जरिए अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। इससे पहले, वे कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गाजियाबाद तक स्केटिंग कर चुके हैं। उनकी यह उपलब्धि इन्फ्लुएंसर बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। नंदिनी के अनुसार, वे 4 जनवरी की रात तक अयोध्या पहुंचने की उम्मीद कर रहे हैं। यह यात्रा 5 जनवरी को गुरु रितेश्वर महाराज के जन्मदिन पर उन्हें एक भेंट के रूप में समर्पित की जाएगी। पूरी यात्रा के दौरान उनके पिता मोहित नागर और उनकी टीम बच्चों की सुरक्षा और अन्य आवश्यकताओं का ध्यान रखेगी।



टिप्पणियां