गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों बने बनाई बड़ी रणनीति
- Jantantra Live

- 15 जन॰
- 2 मिनट पठन
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित, सतर्कता-एहतियात पर मंथन

नई दिल्ली। 26 जनवरी को भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाने के लिए तैयार है। राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस को पूरी तरह सुरक्षित व घटनामुक्त बनाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को और पुख्ता कर दिया है। बृहस्पतिवार को इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस मुख्यालय में एक अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। इसमें देश के कई राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा द्वारा की गई। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (क्राइम व परसेप्शन मैनेजमेंट) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य गणतंत्र दिवस समारोह से पहले विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल व सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करना है, जिससे किसी भी तरह की सुरक्षा चूक को रोका जा सके।
विशेष आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ (यूटी) के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए। इसके अतिरिक्त केंद्रीय खुफिया व प्रवर्तन एजेंसियों के अधिकारी, ट्रैफिक, लॉ एंड आर्डर, क्राइम, स्पेशल सेल, इंटेलिजेंस और प्रोटेक्टिव सिक्योरिटी डिविजन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक, बैठक के दौरान आतंकवाद विरोधी उपायों, सीमाओं पर सख्त निगरानी, संदिग्ध तत्वों की पहचान व सत्यापन पर विस्तार से चर्चा की गई। खासतौर पर खुले इलाकों से ड्रोन, पैराग्लाइडर व अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की संभावित गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया गया। उन्होंने बताया कि एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय अंतरराज्यीय आपराधिक गिरोहों, अवैध हथियारों व नशीले पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े मामलों पर भी गंभीर मंथन किया गया। इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के दौरान लागू होने वाले यातायात प्रतिबंधों, सीमाओं पर अनधिकृत प्रवेश रोकने व संदिग्ध वाहनों की अग्रिम सूचना साझा करने की रणनीति भी तय की गई है। विशेष आयुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली पुलिस आयुक्त ने साइबर अपराध, नारकोटिक्स व संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ आधुनिक तकनीक के जरिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को मजबूत करने व अपराधों में शामिल या प्रभावित कानून से संघर्षरत किशोरों की पहचान कर उनके खिलाफ संयुक्त रणनीति बनाने पर जोर दिया। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से पहले की तरह इस बार भी पूरा सहयोग व समन्वय बनाए रखने की अपील की, जिससे राष्ट्रीय पर्व के दौरान राजधानी व एनसीआर पूरी तरह सुरक्षित रह सके।



टिप्पणियां