top of page

...और जब सीएम की मनाही के बाद भी होने लगी गमलों की लूट

  • लेखक की तस्वीर: Jantantra Live
    Jantantra Live
  • 26 दिस॰ 2025
  • 2 मिनट पठन

लखनऊ फिर हुआ शर्मसार; पीएम मोदी के प्रोग्राम के बाद गमले चुराकर ले गए कार-स्कूटी सवार, वीडियो के आधार पर दर्ज होगी एफआईआर



लखनऊ: ​राजधानी लखनऊ में एक बार फिर गमला चोर सक्रिय हो गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया था. इसके कुछ ही घंटों बाद, वहां सजावट के लिए रखे गए सैकड़ों गमले लोग अपनी स्कूटी और कारों में भरकर ले गए. पुलिस की मौजूदगी में लोग गमले चोरी कर रहे थे. अब इस मामले में कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वीआईपी कार्यक्रम खत्म होते ही लोग कैसे सार्वजनिक संपत्ति पर टूट पड़े कोई स्कूटी पर गमले लाद रहा है, तो कोई अपनी महंगी कार में चोरी करके फूल के गमले रख रहा है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लोगों को रोकने के बजाय मुस्कुराते हुए खड़े रहे. इस लापरवाही के कारण देखते ही देखते फूलों से सजा इलाका खाली हो गया. एक गमले की कीमत लगभग 90 से 100 रुपये बताई जा रही है. लखनऊ विकास प्राधिकरण ने अब बचे हुए गमले वहां से हटवा लिए हैं.

सीएम योगी की चेतावनी भी बेअसर: करीब एक महीने पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने G-20 के दौरान हुई ऐसी ही चोरी की घटनाओं पर जनता को सख्त हिदायत दी थी. सीएम ने कहा था कि लोग मर्सिडीज से उतरकर गमले चुरा लेते हैं, ऐसी हरकतें शहर की छवि खराब करती हैं. बावजूद इसके, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद फिर वही नजारा देखने को मिला.

पुलिस और लखनऊ विकास प्राधिकरण करेंगे सख्त कार्रवाई: लखनऊ विकास प्राधिकरण की शिकायत पर अब उन लोगों की पहचान की जा रही है जो वीडियो में चोरी करते नजर आ रहे हैं. ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर गाड़ियों के नंबरों को ट्रैक किया जा रहा है. आरोपियों के खिलाफ चोरी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. प्रधानमंत्री के जाने के कुछ ही घंटों बाद राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बाहर गमले चोरी होने लगे. कार और स्कूटी से आए संपन्न परिवारों के लोग सजावट के गमले चोरी कर ले गए. अब लखनऊ पुलिस एफआईआर दर्ज करने जा रही है.


 
 
 

टिप्पणियां

5 स्टार में से 0 रेटिंग दी गई।
अभी तक कोई रेटिंग नहीं

रेटिंग जोड़ें
bottom of page