आगरा में पुलिस टीम को बंधक बनाकर पीटा; चार आरोपी गिरफ्तार
- Jantantra Live

- 29 दिस॰ 2025
- 2 मिनट पठन

आगरा: आगरा पुलिस कमिश्नरेट के मलपुरा थाना में पुलिस को बंधक बनाकर रखने और मारपीट करने का मामला सामने आया है. मलपुरा थाना की पुलिस टीम जब आरोपियों की तलाश में उनके घर पहुंची, तो आरोपियों ने पुलिस टीम को बंधक बना लिया. इस मामले में पुलिस ने अब चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि, एक आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.
वारदात रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई. मलपुरा थाने से एसआई कपिल शर्मा, एसआई अनिता कश्यप, एसआई सलोनी चौहान और महिला सिपाही साधना यादव एक मामले में थाना क्षेत्र के गांव अजीजपुर में पहुंचे. पुलिस टीम वहां पर दीपक और सोनू की तलाश उनके घर पहुंची. पुलिस का आरोप है कि दीपक और सोनू के परिजन श्रीराम, ममता, सुमन, सीमा और संजय ने पुलिस टीम को घर में बंद कर दिया और दरवाजे पर ताला लगा दिया. इसके साथ ही दोनों आरोपी मौके से भगा दिए. पुलिस के विरोध करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की. घर में बंधक बनाने और मारपीट की सूचना जब पुलिस टीम ने मलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक को दी तो वह गांव में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पहुंचे. इसके बाद पुलिस टीम पड़ोसी की छत के रास्ते आरोपियों के घर में पहुंची. वहां पर बंधक पुलिस टीम को मुक्त कराया गया.
मलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मलपुरा थाना में सरकारी काम में बाधा डालने, बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है. इस मामले में आरोपी श्रीराम, ममता, सुमन और संजय को गिरफ्तार किया गया है. एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.



टिप्पणियां