असम विमान हादसे में अलीगढ़ के सार्जेंट जितेंद्र शर्मा शहीद
- Jantantra Live

- 6 दिन पहले
- 2 मिनट पठन
2014 में वायुसेना में हुए थे भर्ती, शादी की चल रही थी तैयारी

अलीगढ़ : असम के जोरहाट स्थित रोरिया एयर फोर्स स्टेशन पर भारतीय वायुसेना के एएन-32 परिवहन विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना में अलीगढ़ के सार्जेंट जितेंद्र शर्मा का निधन हो गया. हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया है. जितेंद्र के असमय निधन से उनके परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोग भी गहरे सदमे में हैं.
शनिवार सुबह वायुसेना का एएन-32 परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में सार्जेंट जितेंद्र शर्मा के अलावा स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम की भी मृत्यु हो गई.

अलीगढ़ निवासी जितेंद्र शर्मा वर्ष 2014 में भारतीय वायुसेना में भर्ती हुए थे. उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से परिवार और जिले का नाम रोशन किया. परिवार में उनकी मां के अलावा दो बड़े भाई रमाकांत शर्मा और भूपेंद्र शर्मा हैं. जितेंद्र परिवार में सबसे छोटे थे. करीब 12 वर्ष पूर्व उनके पिता का निधन हो गया था. पिता के निधन के बाद परिवार ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन मां और दोनों भाइयों ने जितेंद्र की पढ़ाई और करियर को आगे बढ़ाने में हर संभव सहयोग दिया. इसी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने भारतीय वायुसेना में स्थान हासिल किया. परिजनों ने अनुसार, जितेंद्र कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर अपने घर अलीगढ़ आए थे. 5 जून 2026 को वह वापस ड्यूटी पर लौटे थे.
परिवार में उनकी शादी को लेकर तैयारियां शुरू होने वाली थीं. परिजन उनके लिए लड़की भी देख चुके थे और जल्द ही रिश्ते को अंतिम रूप देने की योजना बना रहे थे. घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन विमान दुर्घटना की खबर ने सारी खुशियां मातम में बदल दीं. जैसे ही हादसे की सूचना परिवार तक पहुंची, घर पर रिश्तेदारों, परिचितों और क्षेत्रीय लोगों का जमावड़ा लग गया. हर किसी की आंखें नम थीं और लोग परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए.



टिप्पणियां